पिकनिक मनाने गया 17 साल का लड़का डैम में डूबा. मौत

Aug 24 2021

ग्वालियर। एक 17 साल के किशोर की तिघरा डैम में डूबने से मौत हो गई है। किशोर घर पर बिना बताए दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था। जब सभी दोस्त बोटिंग का मजा ले रहे थे तो नाबालिग डैम में नहाने उतर गया। कुछ ही देर में वह डूबने लगा। यह देखकर दोस्त घबरा गए। बिना किसी को बताए वहां से चले आए। न तो दोस्त की मदद की और न ही पुलिस को सूचना दी। लौटकर अपने-अपने घर चले गए।
जब रात तक किशोर का कुछ पता नहीं चला तो परिजन ने छानबीन शुरू की। परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने थाने गए तो पता चला कि दोपहर में कुछ दोस्तों के साथ देखा गया था। इसके बाद दोस्तों से पूछताछ की गई तो उन्होंने घटना के बारे में जानकारी दी। मंगलवार दोपहर किशोर का शव जलाशय में उतराता मिल गया। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मृतक के दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
दुकान पर काम करता था कृष्णा
जनकगंज के निम्बाजी की खो निवासी 17 साल का कृष्णा संखवार एक दुकान पर काम करता है। कुछ समय पहले पिता की मौत के बाद कृष्णा पर ही मां और छोटे भाई की जिम्मेदारी थी। सोमवार को वह अपने दोस्त हिमांशु, करण, जोगेन्द्र, अनूप व राज के साथ पिकनिक मनाने के लिए तिघरा गया था। यहां पर खाना खाने के बाद शाम के समय वह बोटिंग के लिए निकले और टिकट लेकर बोटिंग करने लगे। इसी बीच कृष्णा नहाने के लिए डैम के पानी में उतर गया और डुबकी लगाते ही वह डूब गया। काफी देर तक वह वापस बाहर नहीं आया तो साथी घबरा गए और तत्काल वहां से बिना किसी को जानकारी दिए ही वापस अपने घर को लौट गए।
बेटे की तलाश में रात भर भटकती रही मां
देर रात तक कृष्णा घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश की। रात भर कृष्णा की मां, बेटे की तलाश में भटकती रही। जब रात में वह जनकगंज थाना पहुंची तो कृष्णा के एक दोस्त ने बताया कि वह कुछ लड़कों के साथ तिघरा गया था।