गल्ला मंडी के गोदाम में मिला शव , युवक की अनाज की बोरियां सिर पर गिरने से मौत

Aug 24 2021

ग्वालियर। अनाज मंडी के गोदाम में बोरियों के नीचे एक युवक का शव दबा मिला है। मृतक की मौत सिर पर भारी भरकम बोरियां गिरने से हुई है। गोदाम दो दिन से बंद था और सोमवार देर शाम 8 बजे खोला गया था। अब यह समझ नहीं आ रहा है कि युवक गोदाम में कैसे पहुंचा। घटना लक्ष्मीगंज गल्ला मंडी की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस को आशंका है कि मृतक चोरी करने के इरादे से गोदाम में घुसा होगा और उसी दौरान ऊपर से बोरियां गिरने पर दब गया होगा। मृतक पर चोरी के कुछ मामले भी दर्ज हैं। घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है।
जनकगंज थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि लक्ष्मीगंज गल्ला मंडी स्थित सिंध ट्रेडर्स के गोदाम में किसी युवक का शव मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। यहां एक युवक अनाज के बोरों के नीचे दबा हुआ था। बोरों को हटाकर युवक को बाहर निकाला गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की पहचान जीतू बाल्मीकि (22) निवासी लक्ष्मीगंज के रूप में हुई। मौके पर पहुंची युवक की मां ने बताया कि जीतू रविवार रात 8 बजे घर से निकला था इसके बाद वापस नहीं लौटा। युवक गोदाम में अकेला क्यों दाखिल हुआ इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस इसका पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह गोदाम में क्यों दाखिल हुआ। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि युवक चोरी के इरादे से गोदाम में दाखिल हुआ था।
परिजन का आरोप बुलाकर हत्या की है
मृतक जीतू बाल्मीकि पर कुछ चोरी के मामले भी दर्ज हैं। वह रविवार रात 8 बजे अपनी मां से यह कहकर निकला था कि जल्द आता हूं। पर इसके बाद वह लौटा ही नहीं। मां का आरोप है कि उसे किसी ने गोदाम में मिलने बुलाया होगा और उसकी हत्या कर दी। पुलिस इस आधार पर भी जांच कर रही है।
जनकगंज थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा ने बताया कि लक्ष्मीगंज अनाज मंडी में बने अनाज गोदाम में एक युवक का शव मिला है। फिलहाल शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम जांच आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि मौत का कारण क्या है।