मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रमौआ डेम व सिरोल पहाडी पर जगह देखी

Aug 23 2021

ग्वालियर। अटलजी की याद में ग्वालियर में प्रस्तावित भव्य अटल स्मारक अब जल्द गति पकड सकता है। दो बार स्मारक की घोषणा कर चुके सीएम शिवराज सिंह चौहान अब जल्द इसे फाइनल कर सकते हैं। अटल स्मारक को लेकर रमौआ डैम और सिरोल पहाडी का जायजा लेेने के बाद प्रदेश के गृह मंत्री इसकी रिपोर्ट सीएम को देंगे। इसके स्थान और फाइनल प्लान को भोपाल में अंतिम रूप दिया जा सकता है।
अटल स्मारक के लिए प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कलेक्टर और अफसरों के साथ प्रस्तावित स्थलों का जायजा लिया। गृहमंत्री ने पहले रमौआ डैम के पास 35 बीघा जमीन को देखा और यहां स्मारक की संभावनाओं को लेकर चर्चा की। यहां से मंत्री व अफसर सिरोल पहाडी पहुंचे और यहां प्रस्तावित 70 बीघा जमीन उन्हें दिखाई गई। प्राथमिक तौर पर गृहमंत्री को रमौआ डैम के पास वाली जमीन पसंद आई है। ज्ञात रहे कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की यादों को सहेजने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में भव्य अटल स्मारक की घोषणा की है। संस्कृति विभाग की टीम अफसरों के साथ आठ स्थानों का भ्रमण कर चुकी है। जिसमें सबसे मुफीद स्थान सिरोल पहाडी को चिन्हित किया गया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, एसपी अमित सांघी, एसडीएम झांसी रोड सीबी प्रसाद सहित अन्य अफसर शामिल रहे।