पुलिस कस्टडी में युवक की मौत! प्रेग्नेंट पत्नी ने कहा पुलिस ने मेरे पति को मार डाला, टीआई समेत 4 सस्पेंड

Aug 17 2021

ग्वालियर। इंदरगंज थाने में पुलिस कस्टडी में कथित सटोरिए सोनू बंसल की मौत हो गई। सोनू की पत्नी डॉली बंसल ने पुलिस पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। युवक के तीन बच्चे हैं और डॉली 8 महीने की गर्भवती भी है। डॉली ने कहा है कि सोमवार शाम को वह (सोनू) बाजार के लिए निकले थे। पुलिस ने उन्हें फालका बाजार में घेर लिया और थाने लग गई।
पुलिस रात 2 बजे घर पहुंची और बताया कि सोनू की तबीयत खराब होने से मौत हो गई है। घर से निकले तब बिल्कुल ठीक थे। पुलिस ने हफ्ता वसूली के लिए मेरे पति को पीट-पीटकर मार डाला है। यह भी पता लगा है कि घटना के समय टीआई इंदरगंज राजेन्द्र सिंह परिहार थाने में ही थे। उधर, मामले की जानकारी के बाद एसपी ने टीआई समेत 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर में सोमवार रात इंदरगंज थाने में पुलिस कस्टड़ी में एक आरोपी की मौत हुई है। मृतक एक सटोरिया है और पुलिस पकड़कर थाने लाई थी। कुछ जवानों ने उसके साथ मारपीट की और वह बेहोश हो गया। उसे पानी पिलाया तो वह उल्टियां करने लगा। आनन-फानन में पुलिस उसे जेएएच लेकर पहुंची, जहां उसे मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने अज्ञात में शव को उठाकर डेड हाउस में रखवाया है। साथ ही भाग आई है।
सोमवार शाम को लगभग 7 बजे इन्दरगंज थाना पुलिस के एसआई बृजलाल यादव अपने 3 आरक्षकों मुकेश, श्याम और नीरज के साथ नई सड़क पहुंचे थे। यहां से एक सटोरिया सोनू बंसल को थाने लेकर आए। सोनू सटोरिया है और सट्टा खिलाता है। तीनों आरक्षक सटोरिए को इन्दरगंज थाने के ऊपर कैमरों की नजरों से बचाकर मिनी कन्ट्रोल रूम में ले गए और उसकी पिटाई की। इसी बीच वह बेहोश होने लगा, तत्काल उसको पानी पिलाया तो उल्टी हुई। जिस पर उसे तत्काल गाड़ी में डालकर जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे पहले से ही मृत घोषित कर दिया। आरोपी की मौत की खबर सुनते ही पुलिस जवानों के हाथ पांव सन्न पड़ गए। तत्काल युवक को अज्ञात में डेड हाउस में रखवाकर पुलिस गायब हो गई।
 जैसा पता लगा है उसके मुताबिक जब सोनू को पुलिस जवान पकड़कर लाए तो उसे सीसीटीवी कैमरों से बचाकर मंदिर की तरफ से मिनी कन्ट्रोल रूम की तरफ ले गए। यहां उसके पेट में लात ही लात मारी हैं। कोई लात गलत जगह लगी और वह बेहोश हो गया। इस पर जवान घबरा गए। पहले उसे पानी पिलाकर होश में लाने का प्रयास किया। यहां एक जवान ने यह भी कहा कि नौटंकी कर रहा है। पर पानी पिलाते ही वह उल्टी करने लगा। उसे तत्काल लेकर पुलिस जेएएच पहुंची पर तब तक देर हो चुकी थी। रात 11.19 बजे शव को डेड हाउस में अज्ञात में रखवाया गया है।
 पुलिस कस्टडी में आरोपी की मौत की खबर शहर में जंगल की आग की तरह फैली है। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने तत्काल इस मामले में सीएसपी नागेन्द्र सिंह को जांच के लिए भेजा। मामला बिगड़ते देख एसपी ने रात को ही न्यायिक जांच के लिए डीजी को पत्र लिखा।
मंगलवार की सुबह जेएएच में डाक्टरों के पैनल ने मृतक का पीएम शुरू किया। इस दौरान मौके पर एएसपी, एसडीएम सहित पांच थानों का बल तैनात रहा, जिससे यदि कोई हंगामे की स्थिति बने तो तुरंत संभाला जा सके। वहीं हिंदू महासभा के डा जयवीर भारद्वाज भी पीएम हाउस पहुंच गए हैं।
हंगामे की आशंका पर पुलिस बल तैनात
मृतक की पत्नी डॉली बंसल ने बताया कि रात 2 बजे पुलिस ने घर आकर बताया कि सोनू की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि अचानक उसे चक्कर आए और वह गिर पड़ा। अस्पताल लेकर पहुंचे तो मृत घोषित कर दिया। उधर, सोनू की मौत के बाद रात से ही इस मामले में हंगामा चल रहा है। पुलिस ने इंदरगंज थाना पर उत्पात के डर से अन्य थानों से फोर्स बुलाकर तैनात कर दिया है।
10 मिनट में लौटने का कहा था
मृतक के परिवार में 2 बेटियां गुनगुन (8), काजल (6) व बेटा गोलू (4) के अलावा पत्नी डॉली बंसल 8 महीने की गर्भवती है। डॉक्टर ने उसे आराम करने की सलाह दी है, पर पति की मौत की खबर मिलते ही वह रात भर से सड़कों पर अपने तीन बच्चों को लेकर पति की मौत की जांच की मांग कर रही है। डॉली का कहना है कि सोनू 10 मिनट में वापस आने की कहकर निकले थे। पता नहीं था कि पुलिस वाले उन्हें मार डालेंगे।
नौकरी और मौत की जांच की मांग पर अड़े परिजन
सोनू के परिजन का कहना है कि उसकी मौत के बाद घर पर कोई कमाने वाला नहीं बचा है, इसलिए उसकी पत्नी को नौकरी दी जाए। साथ ही सोनू की मौत की उच्च स्तरीय जांच हो। आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हो। एसपी ने परिवार को बताया कि इंदरगंज थाना के टीआई राजेन्द्र सिंह परिहार, कॉन्स्टेबल श्याम जाट, कॉन्स्टेबल नीरज यादव और कॉन्स्टेबल मुकेश शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की मजिस्ट्रियल जांच के लिए भी लिखा है।
अमित सांघी एसपी का कहना है कि युवक की मौत के मामले में थाना प्रभारी, एएसआई सहित तीन जवानों को सस्पेंड किया गया है। मामले में न्यायिक जांच चल रही है। जांच में जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।