चेन लूटने आए बदमाशों ने पुलिस जवान पर की फायरिंग पैर में लगी गोली, हाथ में पिस्टल लहराते हुए फरार
Aug 16 2021
ग्वालियर। बदमाशों ने पुलिस जवान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चेन लूटने आए बदमाशों को जब कॉन्स्टेबल ने पकडऩे का प्रयास किया तो उन्होंने पहले दो हवाई फायर किए। इसके बाद एक गोली पुलिसकर्मी के पैरों पर चलाई। गोली पैर में लगने से कॉन्स्टेबल घायल हो गया। फायरिंग करने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना गोला का मंदिर में बिड़ला हॉस्पिटल के पास की है।
पुलिसकर्मी के साथी ने सीनियर अफसरों को सूचना दी। साथ ही घायल जवान को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी है। पर ऐसे समय जब पूरे जिले की सीमाओं पर सख्त पहरा है और स्वतंत्रता दिवस पर हाई अलर्ट है, लुटेरों की यह घटना बताती है कि बदमाश कितने बेखौफ होते जा रहे हैं।
गोला का मंदिर थाना में पदस्थ कॉन्स्टेबल अजय प्रताप सिंह भदौरिया अपने साथी जवान जितेन्द्र सिंह के साथ अपनी बीट में गश्त करते हुए बिड़ला हॉस्पिटल तिराहा सूर्य मंदिर के पास पहुंचे थे। तभी उनको कुछ महिलाओं की आवाज सुनाई दी। जवानों ने देखा तो बाइक सवार दो बदमाश दो महिलाओं पर कट्टा या पिस्टल तानकर गहने उतारने के लिए कह रहे थे।
इस पर जवानों ने तत्काल महिलाओं के पास पहुंचकर बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस जवानों को डराने के लिए एक गोली हवा में चला दी। इसके बाद भी कॉन्स्टेबल अजय प्रताप सिंह भदौरिया बदमाशों से भिड़ गए। बदमाश इतने बेखौफ थे कि उन्होंने एक और हवाई फायर किया। जब उन्हें लगा कि पुलिस जवान डर नहीं रहा है तो तीसरी गोली उन्होंने जवान के पैरों को निशाना बनाकर सड़क पर चलाई।
सड़क से गोली टकराकर जवान के उल्टे पैर में घुटने के नीचे लगी है। जिससे जवान वहीं गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। साथ में मौजूद दूसरे जवान ने अजय प्रताप को संभाला और अफसरों को सूचना दी। तत्काल घायल को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। सिपाही की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
जवान के साहस से टली बड़ी घटना
घायल जवानों के साथ आए सब इंस्पेक्टर शिवेन्द्र कुमार ने बताया कि समय रहते जवान वहां पहुंच गए और बड़ी वारदात टल गई। दोनों बदमाशों की तलाश में घेराबंदी कर दी गई है जल्द पकड़े जाएंगे।
एसपी अमित सांघी ने बताया कि दोनों आरक्षकों के कारण साहस के कारण बड़ी वारदात होने से बच गई। घायल आरक्षक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। लुटेरों को पकडऩे के लिए पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी गई है। घायल आरक्षक अजय प्रताप सिंह भदौरिया को 10 हजार का नकद इनाम दिया है। पुलिस की एक टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









