सावन के चौथे सोमवार पर मंदिरों में रही भक्तों की भीड़ ऊँ नम: शिवाय से गूंजे शिवालय

Aug 16 2021

ग्वालियर। सोमवार को सुबह से ही ऊं नम: शिवाय का जाप करते हुए भगवान शिव की आराधना कर दूध, गंगाजल, दही और शहद से अभिषेक किया जा रहा है। शिव भक्त दर्शन करने के लिए सुबह से ही शिवालयों पर पहुंचे और शिवजी के मंत्रों का जाप करते हुए बिल्व पत्र चढ़ा रहे हैं। आज सावन के चौथे सोमवार को बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की।
सावन का आखिरी सोमवार होने के कारण मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ रही। मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थी। शिवालयों में बम-बम भोले की गूंज और ऊं नम: शिवाय के जाप के साथ भोले से परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मंदिरों में भक्तों की अपार भीड़ लगी हुई है और यहां तैनात पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए भक्तों से आग्रह कर रहे हैं कि वह दूरी बनाकर ही भोलेनाथ का अभिषेक करें और भीड़ न लगाएं। सुबह से ही अचलेश्वर मंदिर, कोटेश्वर मंदिर, मार्कण्डेश्वर मंदिर, गुप्तेश्वर मंदिर, भूतेश्वर महादेव मंदिर सहित तमाम मंदिरों पर भक्तों की भारी भीड़ लगी हुई थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात था।