हादसे में मृत निगम कर्मचारियों के परिजनों को प्रभारी निगमायुक्त ने दी 4.50 लाख की आर्थिक सहायता

Aug 16 2021

ग्वालियर। महाराज बाडा स्थित पोस्ट ऑफिस भवन पर हाइड्रोलिक मशीन से झंडा व्यवस्थित करने के दौरान क्रेन के टूटने से हुए हादसे में मृत निगम के तीनों कर्मचारियों के परिवार को साढ़े चार लाख-साढे चार लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। प्रभारी नगर निगम आयुक्त मुकुल गुप्ता ने इन कर्मचारियों के निवास पर जाकर स्वीकृति पत्र सौंपा।
प्रभारी निगम आयुक्त मुकुल गुप्ता ने हादसे में मृत निगम कर्मचारी प्रदीप राजोरिया एवं विनोद शर्मा के परिवार को 15 अगस्त को उनके निवास पर जाकर 4.5-4.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की स्वीकृति का पत्र प्रदान किया। वही मुरैना निवासी कुलदीप सिंह दंडोतिया के परिजनों तक भी स्वीकृति पत्र पहुंचाया गया तथा राशि ऑनलाइन सभी के खाते में स्थानांतरित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 14 अगस्त को महाराज बाड़े पर तिरंगा बदलते समय हाइड्रोलिक क्रेन के प्लेटफार्म के टूटने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद प्रभारी मंत्री ने मौके पर पहुंचकर तीनों कर्मचारियेां को आर्थिक सहायता देने सहित उनके परिजनों को नौकरी देने का आश्वासन दिया था। जिससे कर्मचारियों के स्वजनों को परेशान न होना पड़े।