बाढ़ प्रभावित गाँवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर जारी

Aug 08 2021

ग्वालियर। जिले में बाढ़ से प्रभावित गाँवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीते शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित गाँवों का जायजा लेने के दौरान इस आशय के निर्देश जिला प्रशासन को दिए थे। 
इस परिपालन में केथोदा, बाबूपुर, लिधौरा, जिगनिया, सिली व सिलेटा गाँवों के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विशेष स्वास्थ शिविर लगाए गए। इन शिविरों में लगभग 115 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाएँ मुहैया कराई गईं। साथ ही जिन मरीजों में बुखार आदि लक्षण मिले उनकी मौके पर ही मलेरिया की जाँच की गई। 
इसी तरह ग्राम रायपुर में लगे स्वास्थ्य शिविर में 31 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर 4 लोगों की मलेरिया की जाँच की गई ।
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वाथ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित गाँवों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन नियमित रूप से जारी रखें। साथ ही दवाओं का पर्याप्त भंडारण रहे।