शिंदे की छावनी मार्ग बना मुसीबत, दो डंपर गड्ढे में फंसे, सड़क पर लगा जाम

Aug 08 2021

ग्वालियर। शिंदे की छावनी मार्ग इन दिनों आमजन के लिए परेशानी बना हुआ है। पहले से यहां गड्ढों के कारण वाहनों का गुजरना मुश्किल था। अब यहां पीएचई का लाइन रिपेयरिंग वर्क के चलते दिक्कतें बढ़ गई हैं। रविवार को इस मार्ग पर दो डंपर गड्ढे में फंस गए। जिससे यहां पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
दरअसल रामदास घाटी से शिंदे की छावनी मार्ग के बीच में नगर निगम का अमला काम में जुटा हुआ है। जिसके लिए सड़क को खोदा गया है। इसके कारण यहां पर मि_ी धसकने लगी है। बीती रात को यहां एक डंपर गड्ढे में फंस गया। इसके कारण सुबह से ही जाम की स्थिति बनी हुई थी। सुबह इस डंपर को निकालने का प्रयास शुरू होता इसके पहले ही सुबह एक और डंपर बिजली घर के सामने गड्ढे में फंस गया। जिससे वाहन चालकों की मुश्किलें खासी बढ़ गई। दो पहिया वाहन तो फिर भी जैसे-तैसे निकल गए, लेकिन चार पहिया वाहन चालकों को खासी दिक्कतें झेलना पड़ी। चार पहिया वाहन चालकों को फालका बाजार मार्ग या फिर हनुमान घाटी की तरफ से घुमकर निकलना पड़ा।
बारिश में गड्ढे बने मुसीबत
शहर में बारिश के दौरान सड़कों के गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पैच रिपेयरिंग को लेकर लगातार निर्देश दे रहे हैं। इसके बाद भी नगर निगम का अमला पैच रिपेयरिंग में लापरवाही बरत रहा है। अब तेज बारिश में यह गड्ढे वाली सड़कें लोगों के लिए खतरा बन चुकी हैं।