शहर में धूप खिली तो मिली राहत

Aug 06 2021

ग्वालियर। अंचल में लगातार तीन दिन तक जबरदस्त बरसात के बाद बढ़ी लोगों की आफत भी अब कम हो जाएगी। सिस्टम पर फिलहाल तीन दिन के लिए ब्रेक लग गया है। सिस्टम का असर बिहार व उत्तर प्रदेश तक सीमित रहेगा, जबकि कल रात तक जबरदस्त बरसात की संभावना जताई गई थी। फिलहाल आसमान पर बादल छाए रहेंगे, इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भले ही हो जाए, लेकिन बीच-बीच में खिलने वाली धूप सुहाने मौसम का मजा किरकिरा कर देगी। शुक्रवार सुबह से ही ऐसे हालात दिखाई देने लगे थे, सुबह ही बादलों को चीरकर धूप खिल गई थी, इसके बाद धूप-छांव का खेल शुरु हो गया, वहीं उमस फिर परेशानी का कारण बनी हुई है।
इस बार मानसून देर से आने के कारण लोग परेशान होने लगे थे, इस तरह जून माह लगभग सूखा ही रहा, वहीं जुलाई में सावन के आगाज के साथ ही घने मेघ और जोरदार बरसात ने लोगों के चेहरे खिला दिए। फिर सिलसिला शुरु हुआ, मौसम के एंजॉय का, सभी ने इसका जमकर मजा लिया, लोगों की खुशी का ठिकाना इसलिए भी नहीं है, क्योंकि बीते कई सालों से मानसून निराश कर रहा था, जबकि इस बार जमकर बरसात हो रही है। शहर में हुई अब तक की बरसात भी औसत बरसात के आंकड़े से आगे चल रही है। हालांकि बीते दो दिन में बेहद कम पानी बरसा है। इसके चलते पूरे दस दिन बाद न्यूनतम पारे में मामूली ही सही, लेकिन सामान्य से अधिक बढ़ोतरी हो गई, वहीं कल अधिकतम पारा भी 30 डिग्री सेल्सियस के पार निकल गया।
तिघरा अब भी 12 फुट खाली
शहर की प्यास बुझाने का सबसे बड़ा जल स्त्रोत तिघरा जलाशय का जल स्तर जबरदस्त बरसात के बाद भी बेहद धीमी गति से बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह तक इसका वाटर लेबल 727. 30 फुट तक पहुंच गया, जबकि इसकी जल क्षमता 739 फुट है। इसके पीछे कारण यह है कि इसके कैचमेंट एरिया में बरसात कम मात्रा में हुई है। फिर भी जानकारों का मानना है कि अभी समय काफी है, ऐसे में यदि दो चार बरसात हो जाती है तो फिर यह फुल हो जाएगा।