मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे निगम कर्मचारी

Aug 06 2021

ग्वालियर। पांच सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे नगर निगम के कर्मचारियों ने शुक्रवार को आर-पार की लड़ाई का शंखनाद करते हुए स्वास्थ्य विभाग के फूलबाग स्थित दफ्तर पर भूख हड़ताल शुरु कर दी, इससे पहले सांकेतिक विरोध जताते हुए काली पट्टी बांधकर काम कर रहे थे, लेकिन निगम प्रशासन ने उन्हें तवज्जो नहीं दी और आज वह क्रमिक अनशन पर बैठ गए। साथ ही इनके द्वारा साफ चेतावनी भी दी गई है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो फिर 12 अगस्त से बेमियादी हड़ताल की जाएगी। निगम के कर्मचारियों ने जो अल्टीमेटम दिया है उसके बाद शहर के हालात बिगड़ सकते हैं। हजारों कर्मचारियों के एक साथ काम बंद कर देने के बाद शहर की सफाई से लेकर अन्य तमाम व्यवस्थाएं पूरी तरह से ठप हो जाएंगी। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी पांच मांगें हैं, जिन्हें सालों से अटकाकर रखा गया है, इसे लेकर पहले भी अल्टीमेटम निगम प्रशासन को दिया जा चुका है, लेकिन उनकी मांगों पर विचार तक नहीं किया गया।
 कर्मचारियों की लंबित मांगों में विनियमित कर्मचारियों को नियमित करने के साथ ही उन्हें स्थायी कर्मचारियों को मिलने वाली सभी सुविधाएं दी जाएं, विनियमित कर्मचारियों को शैक्षणिक योग्यता के आधार पर श्रेणी परिवर्तन किया जाए, आउटसोर्स एवं ईकोग्रीन के कर्मचारियों को संविदा के रिक्त पदों पर लिया जाए, शासन नियमित समयमान का लाभ सभी नियमित कर्मचारियों को दे व सेवानिवृत्ति के समय फंड व अन्य भुगतान समय पर तुरंत कर दिए जाएं। हड़तालरत कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि इस हड़ताल की जिम्मेदारी निगमायुक्त की होगी।
कर्मचारियों ने कहा है कि भूख हड़ताल के दौरान उनके द्वारा अलग-अलग तरह से प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिसमें सभी कर्मचारी सामूहिक रूप से मुंडन कराएंगे, अध्र्द नग्न प्रदर्शन करने के साथ परिवार को भी हड़ताल में शामिल करेंगे। धरने पर सुधीर डागौर, रवि टांक, विक्रम बागड़े, रहीस पठान, रिंकू, रक्षा ढपले, नीरज श्रीवास्तव, मोहसिन खान, पराग महुरीकर, गौरव जैन, नितिन यादव मधु बाथम, भारती पाल आदि बैठे। कर्मचारियों का कहना है कि इस बार आश्वासन से काम नहीं चलेगा।