भितरवार में लगे विधायक लाखन सिंह के लापता होने के पोस्टर, इंटरनेट मीडिया पर हुए वायरल

Aug 05 2021

ग्वालियर। भितरवार विधायक लाखन सिंह के लापता होने के पोस्टर इन दिनों तेजी से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि यह कोई पहला मामला नहीं है। हालांकि इसके पहले भी कई जनप्रतिनिधियों के इसी प्रकार से पोस्टर वायरल होते रहे हैं। इसमें बताया गया कि कोरोना महामारी के समय से ही विधायक लापता हैं।
ग्वालियर चंबल अंचल में इन दिनों नदियां उफान पर हैं। मोहना सहित कई इलाकों में बाढ़ के कारण काफी नुकसान हुआ है। इसी बीच भितरवार विधानसभा क्षेत्र के विधायक लाखन सिंह के लापता होने के पोस्टर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि यदि किसी को भी विधायक मिले तो वह इनको भितरवार विधानसभा क्षेत्र के हवाले कर दें। इसमें नीचे नाम की जगह भितरवार विधानसभा के वोटर्स लिखा हुआ है।
इंटरनेट मीडिया पर जनप्रतिनिधियों के लापता होने के पोस्टर वायरल होने का ट्रैंड काफी समय से है। इसके पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी पोस्टर इसी प्रकार से वायरल हो चुके हैं।
कांग्रेस विधायक हैं लाखन सिंह
लाखन सिंह कांग्रेस के बैनर तले भितरवार क्षेत्र से विधायक हैं। बाढ़ के संकट के बीच इन पोस्टर के वायरल होने से इसके राजनीतिक मायने खोजे जा रहे हैं। दरअसल सभी जनप्रतिनिधि इन दिनों बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा कर रहे हैं। ऐसे में इस समय इन पोस्टर के वायरल होने के बाद इसे विधायक पर निशाना साधने का प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि अब तक कांग्रेस की तरफ से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।