एटीएम तोड़ रहा था पुलिस को देख भागा, लूटने से बचे दस लाख

Aug 05 2021

ग्वालियर। सेवा नगर मार्ग पर साईं बाबा के मंदिर के पास स्थित एसबीआइ के एटीएम पर गत रात को चोरों ने फिर धावा बोल दिया। पैसा लूटने के लिए बदमाशों ने एटीएम की तोडफ़ोड़ की, लेकिन मशीन की कैश प्लेट तक बदमाश नहीं पहुंच पाए। पुलिस का दावा है कि गश्ती दल के मौके पर पहुंचने के कारण एटीएम लूटने की गंभीर वारदात होने से बच गई। शहर में एटीएम को टारगेट करने वाली कोई गैंग सक्रिय है। यह गैंग पिछले छह माह से लगातार बगैर गार्ड वाले एटीएम को निशाना बना रहा है। यह गैंग अब तक बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के तीन और यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के एक एटीएम को निशाना बना चुका है। हालांकि यह अलग बात है कि अब तक बदमाश एटीएम लूटने में नाकाम रहे हैं। दूसरी तरफ पुलिस भी इस गैंग को अब तक पकड़ नहीं पाई है।
साईं बाबा मंदिर के पास स्थित एटीएम गुरुवार की तड़के पुलिस को टूटा मिला है। एटीएम की कैश प्लेट तक पहुंचने के लिए बदमाशों ने पूरी कोशिश की है। गश्ती दल के मौके पर पहुंच जाने के कारण लुटेरे भाग गए। पुलिस ने एटीएम तोडऩे वाली गैंग की पहचान करने के लिए संबंधित बैंक से सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मांगे हैं। पुलिस इससे पहले की एटीएम तोडऩे की घटनाओं में बैंकों से फुटेज ले चुकी है, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला है। पड़ाव थाना पुलिस का दावा है कि एटीएम की तोडफ़ोड़ करने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।
तीन टीम बनाकर की तलाश
एटीएम तोडऩे की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में किला तलहटी, प्रेम नगर तथा सेवा नगर की तरफ तीन अलग-अलग टीमों से सर्चिंग कराई। साथ ही शहर भर में नाकाबंदी कराकर संदेही तलाशे, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। 
सत्येन्द्र सिंह तोमर एएसपी का कहना है कि पुलिस की सतर्कता से एटीएम में लूट का प्रयास विफल हुआ है। बैंक से फुटेज लेकर वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।