सावन के दूसरे सोमवार पर इंद्र देव ने किया महादेव का अभिषेक

Aug 02 2021

ग्वालियर। सावन के दूसरे सोमवार को इंद्र देव ने भी भगवान महादेव का अभिषेक किया। लगातार हो रही बारिश के बीच पानी से भीगते हुए भक्त महादेव का अभिषेक कर रहे हैं। सोमवार तड़के से ही भक्तों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दूसरे सोमवार को कृतिका नक्षत्र में भक्तों ने भगवान शिव का दूध, दही, चंदन, शहद, शक्कर आदि से अभिषेक किया।
मंदिरों में भीड़ होने पर पुजारियों द्वारा भक्तों से दूर-दूर खड़े होने का आग्रह किया गया। कोटेश्वर मंदिर, अचलेश्वर महादेव मंदिर, गुप्तेश्वर, हजारेश्वर, चकलेश्वर, रुद्राक्ष वाले शंकर, भूतेश्वर, मंगलेश्वर, गिरगांव के महादेव मंदिर, मार्कण्डेश्वर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ रही। व्रत रखकर महिलाएं दान-पुण्य कर परिवार की खुशहाली की कामना कर रही हैं।
बढ़ी दूध, दही, शहद, बेलपत्र और फूलों की मांग
सावन के दूसरे सोमवार को शहर में दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा और फूलों की मांग बढ़ गई है। मंदिरों के आसपास बड़ी संख्या में लोगों ने दुकानें लगाई हैं। स्थायी दुकानों के साथ फुटपाथ पर भी बेलपत्र, फूल, अकुआ का फूल, माला आदि बेचने वाले दुकानें सजाकर बैठे हुए थे। भक्त इनसे पूजा की सामग्री खरीदकर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं। मंदिरों के आसपास दूध की थैली बेचने वालों की दुकानें भी सजी हुई हैं। अचलेश्वर मंदिर के पट खुलने के बाद सावन के दूसरे सोमवार को भक्तों ने मंदिर के भीतर जाकर अचलनाथ का अभिषेक किया। वहीं श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक किया गया। गुप्तेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पं. सोनू शर्मा ने बताया कि मंदिर में मास्क पहनकर आने वाले भक्तों को ही प्रवेश दिया गया। शहर में भगवान शिव के सैकड़ों मंदिर हैं जहां पूजा अर्चना श्रावण मास में की जा रही है।