बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे भाजपा और कांग्रेस के नेता

Aug 01 2021

ग्वालियर। फूलबाग स्थित लाल-बाल और पाल की प्रतिमाओं पर जमी गंदगी और धूल देाकर सांसद विवेक शेजवलकर ने अपनी नाराजगी दिखाई। वे रविवार सुबह बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर पुष्पाजंलि अर्पित करने यहां आए थे। उन्होंनें देखा कि प्रतिमा स्टैंड के पास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। पिछले साल की मालाएं भी नहीं उतरी हंै उनके फूल सख्त हो गए हैं। उन्होंने तुरंत ही नगर- निगम के अधिकारियों को फोन लगाया और कड़े शब्दों में पूरी बात बताई। जल्द ही नगर-निगम के सफाई कर्मचारी मौके पर आए और सफाई की। इस दौरान कांग्रेस विधायक डॉ.सतीश सिकरवार भी अपने समर्थकों के साथ आए थे। सांसद समेत विधायक ने स्वतंत्रता संग्राम के पुरोधा बाल गंगाधर तिलक को फूलमाला पहनाई और उनके बताए पदचिन्हों पर चलने की आवश्यकता प्रकट की। 
अधिकारियों को बोला, सभी प्रतिमाओं की सूची मुझे दें
प्रतिमाओं की हालात देखकर सांसद शेजवलकर ने निगम अधिकारियों से कहा कि मुझे शहर में जितनी भी महापुरुष और शहीदों की प्रतिमा स्थलों की सूची दें और समय-समय पर जयंती दिवस और पुण्यतिथि कार्यक्रम आयोजित करने से एक दिन पहले साफ- सफाई करें।
मेरे क्षेत्र में कोई काम नहीं हो रहा: सतीश
इधर कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने पुष्पाजंलि कार्यक्रम के बाद सांसद से शिकायती लहजे में कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य शुरू नहीं हो रहा है। कई कार्य आधे-अधूरे पड़े हैं। आप इस ओर ध्यान दें। बताया जाता है कि सांसद शेजवलकर ने कहा कि आप चिंता न करें ग्वालियर के सभी विकास और निर्माण कार्य जल्द ही पूरा होंगे।