शहर में प्रवेश करते ही हरियाली देखकर होगी सुखद अनुभूति: निगमायुत

Jul 31 2021

ग्वालियर। शहर का प्रवेश द्वार हरा भरा एवं सुंदर होगा तो शहर में बाहर से आने वाले नागरिकों को सुखद अनुभूति के साथ ही बहुत प्रसन्नता होगी तथा हरियाली युक्त वातावरण देखकर शहर की अच्छी छवि प्रदेश व देश में बनेगी। इसके साथ ही शहर के नागरिकों को भी शुद्ध वातावरण मिलेगा। उक्ताशय के विचार नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने शिवपुरी लिंक रोड पर किए जा रहे पौधरोपण अभियान का अवलोकन करते हुए व्यक्त किए।
ग्वालियर शहर ग्रीन ग्वालियर के रूप में प्रदेश, देश व दुनिया में जाना जाए और शहर के नागरिकों को शुद्व वातावरण मिले इसी उददेश्य को लेकर नगर निगम ग्वालियर द्वारा अधिक से अधिक पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें स्थानीय नागरिकों के सहयोग से पौधे रोपकर उनके संरक्षण की जिमेदारी स्थानीय नागरिकों को ही दी जा रही है तथा प्रत्येक पौधे का वायुदूत एप्प पर पंजीयन कराया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारा शिवपुरी लिंक रोड के डिवाइडरों को हरा भरा कराया जा रहा है। इस अभियान में शिवपुरी लिंक रोड पर स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों, शोरूम एवं कॉलेज व स्कूलों के संचालकों की सहभागिता भी कराई जा रही है जिससे वह स्वयं इस अभियान से जुड़कर वहां लगाए जा रहे पौधों का संरक्षण करें और उस रोड को शहर की सबसे सुंदर रोड बनाएं। पौधरोपण अभियान के तहत शिवपुरी लिंक रोड के डिवायडर पर विभिन्न प्रजातियों के कुल लगभग 1450 पौधे रोपे गए हैं। जिसमें 5 पौधे कनेर व 1 पौधा करंज पैटर्न में पौधे लगाए गए तथा एक पौधे से एक पौधे की दूरी 4 फीट रखी गयी। 
वहां के प्रतिष्ठान संचालकों के सहयोग से लगभग 500 पौधे रोपे गए। इसी अभियान का अवलोकर आज नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा द्वारा किया गया तथा उनके द्वारा भी कुछ पौधे लगाए गए एवं वहां के प्रतिष्ठान संचालकों से इन सभी पौधों के रखरखाव व संरक्षण का आग्रह किया।
शिवपुरी लिंक रोड पर पौधरोपण अभियान निगमायुक्त शिवम वर्मा के साथ अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी पार्क मुकेश बंसल एवं भारतीयम विद्यान निकेतन के पुष्पेन्द्र चतुर्वेदी, टाटा मोर्टस के मोहन कुमार, फोर्ड मोटर्स के देवेन्द्र शर्मा एवं सरस्वती शिशु मंदिर सहित अनेक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि, पार्क निरीक्षक सुभाष शाक्य, अनिल धाकड़, अंकित परिहार उपस्थित रहे।