सड़क को लेकर भाजपा-कांग्रेस में तकरार

Jul 26 2021

ग्वालियर। 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़क के भूमिपूजन को लेकर भाजपा और कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने जय-जय कमलनाथ तो दूसरे पक्ष ने जय-जय शिवराज के नारे लगाए। दरअसल, ग्वालियर शहर के वार्ड-29 महलगांव गली नंबर एक में नगर निगम को सड़क बनाना है। नियम के आधार पर क्षेत्रीय विधायक और पार्षद को बुलाना होता है, लेकिन नहीं बुलाया गया।
उधर, भाजपा सांसद ने चुपचाप भूमिपूजन का कार्यक्रम शुरू कर दिया। जब स्थानीय कांग्रेस विधायक सतीश को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने समर्थकों के साथ हंगामा कर दिया। माहौल गर्म होता देख सांसद विवेक शेजवलकर ने कांग्रेस विधायक को अपने पास बुलाकर मिलकर भूमिपूजन कर दिया।
शहर के वार्ड-29 महलगांव गली नंबर एक में नगर निगम 25 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण कर रहा है। भाजपा सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, ग्वालियर पूर्व विधानसभा से पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, कमल मखीजानी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ भूमिपूजन करने के लिए पहुंचे, जबकि यह क्षेत्र ग्वालियर पूर्व विधानसभा का भाग है।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद व क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार को भूमिपूजन में बुलाना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस पार्टी का विधायक होने के कारण उन्हें नहीं बुलाया गया। जब इस बात का पता कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार को पता चला तो वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ भूमिपूजन के कार्यक्रम में जा पहुंचे, जहां उन्होंने इस भूमिपूजन का विरोध किया और उनके कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।
इस नारेबाजी को सुन भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी करना शुरू कर दिया। माहौल बहुत गर्म हो गया। तभी भाजपा सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने माहौल को शांत करने के लिए कांग्रेस विधायक को इस भूमिपूजन में शामिल कर लिया और दोनों पार्टी के लोगों ने मिलकर भूमिपूजन को कर डाला। इसके बाद दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर भारत माता की जय के नारे लगाए।
नगर निगम से कार्यक्रम की सूचना मिली थी, जिसमें क्षेत्रीय विधायक को भूमिपूजन करना था। वहां पहुंचा तो देखा भाजपा ने इस कार्यक्रम को पार्टी का कार्यक्रम बना लिया। मंच भी सजा था। विरोध किया। उसके बाद मिलकर भूमि पूजन किया गया है। हमारे विरोध के चलते भाजपा वाले मंच कार्यक्रम नहीं कर सके।
डॉ. सतीश सिकरवार, कांग्रेस विधायक ग्वालियर पूर्व
काफी समय से महलगांव में सड़क नहीं बनी थी, जिसका भूमि पूजन हमने मिलकर किया है। हमारा प्रयास रहेगा कि जल्द सड़क बने और यहां के लोगों को फायदा मिले। कार्यक्रम के हथियाने की बात गलत है।
विवेक नारायण शेजवलकर, सांसद ग्वालियर
दोनों पार्टी पूजन तो कर गई, पर पता नहीं रोड कब बनेगी। 12 साल से यहां के लोग रोड के लिए तरस रहे हैं। अब भूमिपूजन भी हुआ तो राजनीति हो रही है। देखते हैं आगे क्या होगा।
राजेश पंडित, स्थानीय निवासी महलगांव