डेढ़ साल बाद स्कूलों में दिखी रौनक . सभी विद्यार्थियों की प्रवेश द्वार पर ही थर्मल स्क्रीनिंग, बच्चों से पैरेंट्स की अनुमति पत्र भी मांगा

Jul 26 2021

ग्वालियर। स्कूल के पहले दिन सोमवार को 50 फीसदी संख्या में कक्षा 11 और 12वी विद्यार्थी विद्यालय पहुंचे। विद्यालय के प्ले ग्राउंड और कक्षाओं में विद्यार्थी लगभग डेढ़ साल बाद रौनक देखने को मिली। सभी विद्यार्थियों की प्रवेश द्वार पर ही थर्मल स्क्रीनिंग की गई। साथ ही बच्चों से पैरेंट्स की अनुमति पत्र भी मांगा। जो बच्चे लेकर नहीं पहुंचे उनके अभिभावकों से चर्चा करने बाद ही प्रवेश दिया गया। वहीं कक्षाओं में पहुंचने पर शिक्षकों ने सभी को सेनेटाइज किया। तीन घंटे के स्कूल में मुख्य विषय की कक्षाएं आयोजित की गई। स्कूल में प्रथम दिन शिक्षकों ने बच्चों से संवाद कर उनकी मनोदशा जानने का प्रयास किया। इसके साथ ही जो बच्चे अपने करियर या पढ़ाई को लेकर पेरशान दिखें कक्षा के बाद उनकी काउंसलिंग की गई। जिससे वह अपनी पढ़ाई पर ठीक से ध्यान दे सकें।
विद्यार्थियों को सप्ताह में दो बार ही विद्यालय जाना होगा। इसलिए विद्यालय संचालकों ने विद्यार्थियों की नाम की सूची टर्न के अनुसार तैयार कर उन्हें दे दी है। जिससे वह अपने टर्न पर विद्यालय पहुंच कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे। वहीं स्कूल में सिर्फ तीन घंटे ही बच्चों को रखा गया। जिसमें उन्हें पांच पीरियड्स लगेंगे। जिससे बच्चों पर एकदम किसी भी तरह का तनाव नहीं हुआ।
कोरोना की गाइड लाइन का पालन करते हुए असेंबली ग्राउंड में नहीं कराई गई। सभी कक्षाओं में शारीरिक दूरी के साथ असेंबली कराई गई। इसके साथ ही दो फेज में लंच कराया गया। जिसमें टीचर का पूरा ध्यान रहा। किसी भी तरह बच्चे कोरोना निर्देशों को उल्लंघन न कर सकें। कक्षा में मास्क लगाकर अनिवार्य रूप से बैठे रहे।