धूमेश्वर मंदिर पर पिकनिक मनाने गए ग्वालियर के 8 दोस्त, दो नदी में डूबे

Jul 25 2021

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में बारिश अब मुसीबत बन रही है। ग्वालियर में धूमेश्वर महादेव पर दर्शनों के लिए गए युवक नदी में डूब गए। दोनों लापता हैं। दोनों अपने 8 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए थे।
ग्वालियर के भितरवार में धूमेश्वर धाम पर सिंध और पार्वती नदियां मिलती हैं। इस कारण यहां भंवर भी बनता है। रविवार दोपहर नदी में नहाने उतरे 8 दोस्तों में से दो युवक बहाव की चपेट में आकर बह गए। पहले एक युवक गहरे पानी में गया और डूबने लगा, उसे बचाने दूसरा दोस्त भी कूद गया। कुछ देर में दोनों नदी में बहते हुए लापता हो गए। युवक मंदिर पर दर्शन करने और पिकनिक मनाने आए थे।
तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही, रेस्क्यू टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। घटना स्थल ग्वालियर शहर से 70 किलोमीटर दूर है। सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन भी स्पॉट के लिए निकल गए। देर शाम तक दोनों युवकों का पता नहीं चला था।
ग्वालियर के दाल बाजार, नई सड़क से व्यापारियों का दल दोपहर पिकनिक मनाने धूमेश्वर धाम मंदिर पहुंचे थे। मंदिर के सामने से ही सिंध नदी बहती है। इसी स्पॉट से सिर्फ 100 मीटर पहले सिंध नदी में पार्वती नदी का भी मिलन होता है। यही कारण है, यहां ढलान से नदी उतरते समय उसका बहाव तेज हो जाता है। दाल बाजार में बॉम्बे बेकरी वाले अंकित गोयल ने बताया कि सभी नहाने के लिए नदी में उतरे थे, लेकिन उसी समय किशन होटवानी निवासी नई सड़क अचानक गहरे पानी और बहाव में चला गया।
उसे तैरना भी नहीं आता था। जैसे ही, वह बहने लगा, तो उसे बचाने के लिए उसका दोस्त कितांशु कैलाश भी गहरे पानी में कूद गया। इसके बाद दोनों एक दूसरे-का हाथ पकड़े हुए पानी के बहाव में बहते चले गए। लोगों ने कुछ दूरी तक उनको बहते देखा फिर वह नदी और पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर पर मौजूद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। फोर्स ने तत्काल वरिष्ठ अफसरों को सूचना दी। इसके बाद रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा और छानबीन शुरू कर दी।
एक दूसरे को बचाने में बह गए
किशन के दोस्त अंकित गोयल ने पुलिस को बताया कि किशन और कितांशु दोनों पक्के दोस्त थे। जब किशन को बहता देखा, तो कितांशु ने बचाने का प्रयास किया। एक दूसरे को सहारा देने के चक्कर में दोनों बहते चले गए। दोनों को ही तैरना नहीं आता था।
इसी पॉइंट पर होते हैं हादसे
धूमेश्वर मंदिर के पास सिंध नदी में इसी स्पॉट पर हर साल हादसे होते हैं। बीते साल भी दो युवक इसी तरह बहे थे। जिनके शव आगे जाकर गांव में नदी में उतराते मिले थे। यहां इससे पहले भी हादसे होते रहे हैं।