सस्पेंड सिपाही ने तेज रफ्तार कार से 3 बाइकों में मारी टक्कर, डेढ़ साल की बच्ची समेत 4 घायल

Jul 17 2021

ग्वालियर। एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर उत्पात मचा दिया। कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले बाइक सवार एक परिवार को टक्कर मारी। फिर चालक ने भागने के चक्कर में दो और बाइक को टक्कर मारी। जब लोगों ने कार को रोकना चाहा तो चालक स्पीड बढ़ाकर भाग गया। हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची, उसकी मां, बहन समेत 4 लोग घायल हुए हैं। घटना नाका चन्द्रवदनी झांसी रोड पर हुई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना स्थल पर कुछ लोगों ने बताया कि कार सस्पेंड सिपाही धर्मेन्द्र पाठक चला रहा था।
डबरा के जवाहर कॉलोनी निवासी प्रताप सिंह सीआरपीएफ में जवान हैं। शनिवार को उनको ग्वालियर शहर में किसी रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होना था। वह बाइक से पत्नी व दो बच्चियों के साथ ग्वालियर आ रहे थे। अभी वह नाका चन्द्रवदनी पहुंचे थे कि पीछे से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह परिवार सहित उछलकर सड़क पर गिरे। अभी वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही कार के चालक ने कार को फिर भगाना शुरू कर दिया। कार सड़क पर लहराई और आगे जा रहे बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। बेकाबू कार अभी भी नियंत्रण में नहीं थी। भागने के लिए चालक ने और स्पीड बढ़ा दीं। भागते समय एक अन्य दो पहिया वाहन को कट मारते हुए वह भाग गया। हादसे में बाइक सवार प्रताप, उसकी पत्नी व बेटी घायल हुए हैं। साथ ही एक अन्य बाइक पर सवार कुशाग्र शर्मा निवासी नाका चन्द्रवदनी भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया है।
सस्पेंड सिपाही चला रहा था कार
घटना स्थल पर कुछ लोग खड़े थे। उन्होंने कार चलाने वाले की पहचान पुलिस विभाग से सस्पेंड सिपाही धर्मेन्द्र पाठक के रूप में की है। उन लोगों का कहना था कि कार वही चला रहा था। साथ ही नशे में था। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि कार धर्मेन्द्र ही चला रहा था कि नहीं। घायलों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज भी निकलवा रही पुलिस
घटना जिस स्थान पर हुई है। वहां पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी पुलिस निकलवा रही है। पुलिस का मानना है कि लोग जैसे बता रहे हैं कि कार सवार सस्पेंड जवान धर्मेन्द्र पाठक है तो उसके सबूत के लिए सीसीटीवी फुटेज बेहद जरूरी है।