नारेबाजी के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे सब्जी कारोबारी

Jul 16 2021

ग्वालियर। लक्ष्मीगंज स्थित सब्जी मंडी को खोलने के लिए मंडी कारोबारियों का आंदोलन जारी है। सब्जी कारोबारी मंडी खोलने के लिए एक बार फिर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा की। इससे पहले मंडी में एकत्रित होकर सब्जी कारोबारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कोरोना संक्रमण के चलते लक्ष्मीगंज स्थित सब्जी मंडी को प्रशासन ने बंद कर दिया था। मंडी को खोलने की मांग को लेकर शुक्रवार को किसान, कारोबारियों और पल्लेदारों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी दो पहिया वाहनों पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। पिछले दिनों कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने के कारण मंडी कारोबारी आज दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंचे। लक्ष्मीगंज स्थित सब्जी मंडी बंद होने से किसान, कारोबारी, पल्लेदार लंबे समय से परेशान चल रहे हैं। अधिकारियों से कई बार कहने के बाद भी सब्जी मंडी को शुरू नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर शुक्रवार सुबह 10 बजे किसान, कारोबारी, पल्लेदार आदि मंडी पहुंचे।
मंडी में एकत्रित होने के बाद किसान, पल्लेदार, कारोबारियों ने बाइक पर सवार होकर जुलूस निकाला। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ कलेक्ट्रेट पहुंचा। मंडी के कारोबारियों का कहना है कि प्रशासन मंडी को बंद करने का षड्यंत्र रच रहा है। प्रशासन के निर्णय के आगे किसी भी हालत में नहीं झुकेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि मंडी बंद होने से कई परिवार बेरोजगार हो गए हैं। प्रदर्शन करने वालों में किसान नेता अखिलेश यादव, सुग्रीव सिंह कुशवाह, परमाल सिंह कुशवाह, राजू कुशवाह, जितेन्द्र सिंह, रूप सिंह, संजय, बंटी कोठारी आदि उपस्थित थे।