कारोबारी पहुंचे कलेक्ट्रेट, की मंडी खोलने की फरियाद

Jul 14 2021

ग्वालियर। मंडी खोलने की मांग को लेकर बुधवार को मंडी कारोबारियों, हम्मालों, पल्लेदारों और किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। कारोबारी बुधवार सुबह 10 बजे मंडी प्रांगण में एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कारोबारियों ने कहा कि प्रशासन मंडी को बंद करने का षड्यंत्र कर रहा है। प्रशासन की मंशा को किसी भी स्थिति में सफल नहीं होने देंगे।
लक्ष्मीगंज स्थित सब्जी मंडी को शुरू करने के लिए मंडी के कारोबारियों ने चरणबद्ध आंदोलन सोमवार से शुरू किया। कारोबारियों ने कहा कि सभी कारोबार शुरू होने के बाद भी मंडी को नहीं खोला जा रहा है। इसके चलते कारोबारियों, पल्लेदारों, हम्मालों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में कारोबारियों ने कहा कि कोरोना को देखते हुए लक्ष्मीगंज मंडी को स्वत: ही बंद कर दिया गया था। मंडी में नारेबाजी करने के बाद कारोबारी वाहनों से कलेक्ट्रेट पहुंचे और मंडी शुरू करने की मांग की। इस अवसर पर अखिलेश यादव, रामविलास गोस्वामी, सुग्रीव कुशवाह, भगवान दास सैनी, परमाल कुशवाह, रूप सिंह, मान सिंह, राजेंद्र सविता, गणेश राठौर, हाकिम सिंह, श्यामलाल कुशवाह, भगवान दास माहौर आदि उपस्थित थे।