तप रही धरती, टपक रहा पसीना, गर्मी से बेहाल

Jul 14 2021

ग्वालियर। वर्षों बाद देखने को मिल रहा है कि आषाढ़ के महीने में जहां झमाझम बारिश देखने को मिलती है, लेकिन इस बार बारिश गायब है और निकल रही तेज धूप से धरती तपने के साथ शरीर से पसीना टपक रहा है। तेज धूप व उसम भरी गर्मी ने लोगों को हलाकान करके रख दिया है। लेकिन इस बार अंचल तो क्या संभाग के जिलों में बारिश के नाम पर बौछारें तक नहीं पड़ रही हैं। शहर में लोग गर्मी से परेशान हैं वहीं किसान खेती को लेकर चिंतित हैं।
आज सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो सूरज की तपिश के साथ ही उमस भरी लोगों को परेशान करती दिख रही है। दिन चढऩे के साथ ही सूरज के तेवर और भी तीखे होने से कड़ाके की धूप के चलते शहर के मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ दिखा। जरुरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले।
बन रहा लो प्रेशर एरिया पर बारिश नहीं
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी, पश्चिम राजस्थान और मध्यप्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बताते हुए गरज, चमक के साथ तेज बौछारों की संभावना जताई थी। लो प्रेशर एरिया निर्मित होने के साथ आसमान में काली घटाएं घुमडऩे के बाद भी इन्द्र देवता मेहरबान नहीं हुए। बीते तीन दिनों में शहर में महज 3.7 मिमी बारिश ही हो सकी है। वहीं बारिश नहीं होने से एक बार फिर दिन व रात के पारे में रोजाना बढ़ोतरी दर्ज हो रही है।