बिजली समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने दिया धरना

Jul 14 2021

ग्वालियर। भाजपा शासित सरकार द्वारा कोरोना काल में जब आम आदमी रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है ऐसे में अनाप-शनाप बिजली बिल थमा कर लोगों की परेशानी और बढ़ाई जा रही है। इसी को लेकर बुधवार को तानसेन रोड स्थित बिजली घर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने धरना दिया और प्रदर्शन किया। 
इस अवसर पर नेताओं ने प्रदेश सरकार को जमकर कोसा और कहा कि जिस प्रदेश में बिजली का उत्पादन होता है और दूसरे प्रदेशों को बिजली बेची जाती है उस प्रदेश के लोगों को सरकार महंगे दाम पर बिजली दे रही है। अब जबकि कोरोना ने आम आदमी का बजट पूरी तरह से बिगाड़ कर रख दिया ऐसे में भारी भरकम बिल देकर जनता को परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस नेता श्री शर्मा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर सरकार ने गरीबों के भारी भरकम बिल माफ नहीं किए और प्रतिदिन होने वाली बिजली की अघोषित कटौती बंद नहीं की तो आने वाले दिनों में कांग्रेस जनआंदोलन करेगी जिसके लिए प्रदेश सरकार जिमेदार होगी। उन्होंने शासन को चेतावनी दी कि जल्द से जल्द बिजली बिल माफ किए जाएं जिससे लोग परेशान ना हो। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के अलावा क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।