बेटी के लिए पिता ने घेरा एसपी ऑफिस

Jul 13 2021

ग्वालियर। एक पिता ने बेटी के लिए एसपी ऑफिस का घेराव कर दिया। साथ ही में खटीक समाज के लोग भी थे। पिता का कहना था कि उसकी बेटी "लव जेहाद" का शिकार हुई है। उसे साजिश के तहत भटकाया गया है। लापता बेटी को पुलिस ने इंदौर से बरामद तो कर लिया, लेकिन आरोपी आजाद घूम रहे हैं। बेटी को नारी निकेतन में रखा गया है। किसी भी तरह उन्हें उनकी बेटी वापस कराई जाए। एसपी ग्वालियर अमित सांघी ने इस मामले में मदद का आश्वासन दिया है।
जनकगंज लक्ष्मीगंज खटीक मोहल्ला निवासी पप्पे खटीक ने एसपी ग्वालियर को बताया कि उसकी 18 साल की लड़की 7 जुलाई को लापता हो गई थी। अपने स्तर पर तलाश किया तो पता लगा कि पास ही रहने वाले पप्पू खान डेंटर का बेटा शाहरूख खान उसे अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया है। इसमें उसके दो से तीन साथी भी हैं। तत्काल मामले की सूचना जनकगंज थाना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने तत्काल कोई एक्शन नहीं लिया। उसकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाना लव जेहाद का हिस्सा था। 10 जुलाई को जनकगंज थाना पुलिस ने बताया कि उनकी बेटी को इंदौर से बरामद कर लिया है, लेकिन एक भी आरोपी नहीं पकड़ा गया। इस मामले में बेटी को कोर्ट में पेश कर नारी निकेतन में रखा गया है। पिता ने बेटी से मिलने की इच्छा जताई है। साथ ही आरोपियों को जल्द पकडऩे की मांग की है। उन्हें डर है कि वह उसकी बेटी को बहलाकर कहीं अपने पक्ष में बयान न करवा लें। एसपी ने इस मामले में जांच के बाद मदद का आश्वासन दिया है।
बेटी ने शाहरूख के साथ रहने की बात कही थी
इस मामले में एक पेच यह भी है कि इंदौर से जब युवती को बरामद किया तो उसने अफसरों के सामने कहा था कि वह शाहरूख के साथ रहना चाहती है। यही कारण है कि लड़की को परिजन के सुपुर्द न करते हुए नारी निकेतन में रखा गया है। इस मामले में अब मामले की जांच चल रही है।