सिस्टम के साथ बादल भी गायब, बढ़ी उमस व तपिश

Jul 13 2021

ग्वालियर। अंचल में बीते दो दिनों से सक्रिय सिस्टम के साथ अरब सागर से लगातार नमी व अंचल से गुजर रही टर्फ लाइन का साथ आसमान में घुमड़ रही काली घटनाओं ने एक बार फिर निराश किया। वहीं अब अंचल से सिस्टम के साथ ही बादलों के गायब होते ही मंगलवार सुबह से ही घरों में घुसी उमस व घर के बाहर सूरज की तपिश लोगों को गर्मी से बेहाल कर रही है।
मौसम विशेषज्ञ सीके उपाध्याय का कहना है कि बारिश के लिए अंचल में अनुकूल स्थिति निर्मित हो चुकी है। हवा के साथ आद्र्रता के 85 फीसदी के ऊपर पहुंचते ही आगामी दो दिनों में बारिश देखने को मिल सकती है। उपाध्याय ने बताया कि आज रात के बाद एक और नया सिस्टम बन रहा है। इसके अंचल में कल से सक्रिय होने के साथ ही अरब सागर से नमी अधिक मात्रा में मिलने के बाद बारिश होने की संभावना है।
दिन में जारी रहेगा उमस व गर्मी का दौर 
मंगलवार सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो बीती रात तक आसमान में छाए बादल गायब होने के साथ ही मौसम साफ होने पर सुबह आठ बजे से ही सूरज की तपिश लोगों को गर्मी का अहसास करती दिखी। दिन चढऩे के साथ ही तपिश व उमस लोगों को गर्मी से परेशान कर रही है। उमस के कारण लोगों को पंखे व कूलर की हवा भी राहत नहीं दे पा रही है।