विभिन्न मांगों को लेकर प्राइवेट स्कूल संचालकों ने किया प्रदर्शन

Jul 12 2021

ग्वालियर। अपनी विभिन्न मागों को लेकर सोमवार को प्राइवेट स्कूल संचालकों ने प्रदर्शन किया और संभागायुक्त से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान स्कूल संचालकों ने सरकार को जमकर कोसा और स्कूल संचालकों के हित में निर्णय लेने की मांग की। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के आहवान पर प्रदेश भर में प्राइवेट स्कूल संचालक सोमवार को हडढ़ताल पर थे। इस हड़ताल में सीबीएसई से संबद्ध स्कूल संचालक हड़ताल में शामिल नहीं हुए लेकिन बाहर से निजी स्कूल संचालकों का समर्थन किया। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कौशलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि कोरोना महामारी की बजह से लंबे समय से स्कूल बंद चल रहे हैं और मान्यता के नाम पर अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा स्कूल संचालकों को परेशान किया जा रहा है। जिस प्रकार से 2020-21 में मान्यता का नवीनीकरण किया गया ठीक उसी प्रकार 2021-22 का भी नवीनीकरण किया जाए। इसके अलावा छात्रवृाि जांच के नाम पर भी स्कूल संचालकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शासकीय स्कूलों में बिना टीसी के प्रवेश दिया जा रहा है जो पूर्णत: गलत है। क्योंकि अधिकांश पालकों ने शुल्क जमा नहीं की और बच्चों को सरकारी स्कूल में प्रवेश दिला दिया है। प्रतिनिधि मंडल ने संभागायुक्त को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की और मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र भी सौंपा।