आया था बाइक बेचने, पुलिस ने धरा हजीरा थाना पुलिस ने चोर से बरामद की चार बाइक

Jul 11 2021

ग्वालियर। चोरी की बाइक बेचने आए चोर को हजीरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रामदास घाटी के पास से पकड़ा है। हालांकि चोर ने पुलिस से बचने के लिए करीब एक किलोमीटर तक दौड़ा, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और आरोपी को दबोच लिया। आरोपी से पूछताछ के बाद चोरी की चार बाइक बरामद की हैं। अभी पुलिस अफसर उससे पूछताछ करने में जुटे हुए है। जबकि इसके दो साथियों को कुछ दिन पहले ही पुलिस ने दबोचा था और उनसे चोरी की पांच बाइक बरामद की थी। 
सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया व हजीरा थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि सूचना मिली थी कि बाइक चोरी के मामले में फरार प्यारे पण्डित चोरी की बाइक बेचने के लिए रामदास घाटी पर आया हुआ है। सूचना मिलते ही एसआई अतर सिंह, आरक्षक लवकुश, सुरेन्द्र सिंह कुशवाह, भानूप्रताप, अशोक सिकरवार, हेमंत, श्रीकृष्ण, अर्जुन सिकरवार, जनक, राहुल राजावत को सूचना की तस्दीक व कार्रवाई के लिए पहुंचाया। 
पुलिस को देखकर लगाई दौड़
जैसे ही बाइक बेचने आए चोर की नजर पुलिस टीम पर पड़ी उसने बाइक वहीं पर छोड़कर पैदल ही दौड़ लगा दी और गलियों में दौड़ लगाते हुए पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस टीम ने दो हिस्सों में बंटकर उसकी घेराबंदी की और उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और पूछताछ करना शुरू कर दी। 
जेसी मिल के जंगल में मिली बाइकें
पुलिस पूछताछ के बाद उसने चोरी की तीन बाइक अपने पास होना बताई और दो बाइक उसने जेसी मिल के जंगल में झाडिय़ों से तथा एक बाइक उसने अपने घर से बरामद कराई। अब पुलिस अफसर उससे पूछताछ कर अन्य बाइकों की जानकारी जुटाने में लग गए हैं। 
पहले पकड़े थे दो साथी
इससे पहले पुलिस ने आरोपी के दो साथियों तरूण और लाला को पकड़ा था और उनसे चोरी की पांच बाइकें बरामद की थी। पुलिस अफसरों का मानना है कि पकड़े गए चोर से पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। 
आपका कहना है
एक चोर को पुलिस ने पकड़ा है और उससे चोरी की चार बाइकें बरामद की हंै। पकड़े गए चोर से पूछताछ के बाद चोरी के और भी वाहन मिलने की संभावना है। 
हितिका वासल, एएसपी