भगवान शनिदेव से की खुशहाली की कामना

Jul 10 2021

ग्वालियर। शनिश्चरी अमावस्या के अवसर पर शनिवार को भगवान शनिदेव के मंदिरों पर भक्तों ने पूजा-अर्चना कर घर-परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही शहर के शनिदेव मंदिरों पर भक्तों का आने का सिलसिला शुरू हो गया था जो दोपहर तक अनवरत रूप से जारी रहा। इस अवसर पर भक्तों ने भगवान शनिदेव को तेल काले तिल आदि अर्पित कर अपनी सामथ्र्य अनुसार दान-पुण्य किया।
कटीघाटी स्थित शनिदेव मंदिर, बहोड़ापुर स्थित नवग्रह मंदिर सहित शहर के अन्य शनिदेव के अलावा मालनपुर के पास ऐंती में स्थित भगवान शनिदेव के प्राचीन मंदिर पर भक्तों की भारी भीड़ पहुंची और भक्तों ने श्रद्धाभाव के साथ भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना की। अन्य अमावस्या के साथ-साथ शनिवार को पडऩे वाली शनिश्चरी अमावस्या का विशेष लाभ होता है और शनिश्चरी अमावस्या पर भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना का भक्तों को विशेष लाभ मिलता है। इसी कारण सभी वर्ग के लोग भगवान शनिदेव को प्रसन्न करने के लिए दूर-दूर तक जाते हैं। 
शनिचरी अमावस्या विशेष पर्व पर महानगर के नवग्रह मंदिरों में श्रद्धालु भक्तजनों के द्वारा विशेष पूजन अर्चन किया गया। वहीं लश्कर में लगभग 100 मीटर की ऊचाई अमरा पहाड़ पर स्थित नवग्रह मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु भक्तजनों ने बड़ी संख्या में आकर पूजन अर्चन किया तथा प्रसाद वितरण किया गया।