कट्टे की दम पर लूटे थे वकील से 1.70 लाख रुपए, दो लुटेरे पकड़े मास्टर माइंड फरार, 1.20 लाख रुपए बरामद

Jul 07 2021

ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने डबरा के लोहगढ़ के पास भितरवार रोड पर वकील से 1.70 लाख रुपए की लूट का खुलासा कर दिया है। दो बदमाश पकड़े हैं, जिनसे 315 बोर का कट्टा और 1.20 लाख रुपए बरामद हो गए हैं। गिरोह का तीसरा साथी और मास्टर माइंड अभी फरार है। लुटेरों से खुलासा हुआ है कि वह 20 दिन से वकील की रैकी कर रहे थे। कुछ समय पहले लूट के लिए 2 हजार रुपए में कट्टा खरीदा था। इसी कट्टे की दम पर 1.70 लाख रुपए लूट ले गए थे। तीसरे लुटेरे की तलाश में दबिश दी जा रही है। लुटेरों ने पूछताछ में टेकनपुर पर बंदूक लूट वारदात भी स्वीकार की है।
यह है पूरा मामला
3 जुलाई दोपहर डबरा देहात के लोहगढ़ पहाड़ी के पास भितरवार रोड पर वकील बसंत शर्मा से बाइक सवार तीन बदमाश कट्टा अड़ाकर नकदी से भरा बैग लूट ले गए थे। बैग में 1 लाख 70 हजार रुपए रखे थे। वकील भितरवार से रुपए लेकर लौट रहे थे। जिस जगह पर घटना हुई थी उसी पॉइंट पर एक महीने पहले एक कारोबारी के मुनीम से भी इसी अंदाज में बदमाश बैग छीनकर ले गए थे।
वारदात के बाद एडवोकेट बसंत शर्मा की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। स्पॉट के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, लेकिन कुछ दूरी पर एक घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। यहां पुलिस ने चेक किया तो बाइक सवार तीनों बदमाशों के चेहरे पुलिस को मिले थे। इसी से पहचान कर पुलिस इनके पास तक पहुंची।
फिर किसी वारदात के लिए आए थे पकड़े गए
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों का हुलिया पुलिस को मिल गया था। पुलिस ने उसी लोहगढ़ इलाके में फोटो को वायरल कर दिया। इसी इलाके से कॉल आया कि लुटेरों के हुलिया के तीन लोग पुलिया के पास खड़े हैं। यह पता चलते ही डबरा देहात थाना के प्रभारी शक्ति सिंह ने घेराबंदी कर दो संदेहियों को हिरासत में लिया, जबकि एक भाग गया। पकड़े गए संदेहियों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने 4 दिन पहले लूट कुबूल कर ली। लुटेरों की पहचान संजय गुर्जर निवासी खोडन, अमित गुर्जर निवासी बड़ी अकबई व तीसरा साथी जो फरार है लाखन पाल के रूप में हुई है। लुटेरों से 1.20 लाख रुपए बरामद हो गए हैं। शेष 50 हजार लाखन पाल पर हैं। लूट में सीधा हिसाब था। संजय ने कट्टा ताना था और वो सबसे आगे था। इसलिए 70 हजार रुपए उसे मिले थे। शेष दोनों साथियों को 50-50 हजार रुपए मिले।
टेकनपुर में लूटी थी गार्ड से बंदूक
पकड़े गए बदमाशों पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जब पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने फरवरी 2021 में टेकनपुर में एक सिक्युरिटी गार्ड से बंदूक लूटने की घटना भी कुबूल की है। इस घटना की डिटेल पुलिस जुटा रही है। साथ ही शहर में लूट की अन्य वारदातों में भी पूछताछ की जा रही है।