इंसान के जीवन में अच्छा और बुरा वक्त भी आता है-आर्यिकाश्री

Jul 07 2021

ग्वालियर। इंसान के जीवन में समय का विशेष महत्व होता है, जिस व्यक्ति ने समय का सद्पयोग नहीं किया उसका जीवन पूर्णत: निरर्थक है। इंसान के जीवन में अच्छा वक्त भी आता है और बुरा वक्त भी। बुरे वक्त में तो वह भगवान को याद करता है, लेकिन अच्छे समय में वह भगवान को भूल जाता है। यह विचार आर्यिकाश्री आर्षमती माताजी ने बुधवार को मुरार स्थित दिगबर जैन बड़ा मंदिर में मंगल प्रवेश के दौरान आशीष वचन में कही।
आर्यिकाश्री ने कहा कि आज जो समय हम व्यर्थ कार्यों में गवां रहे है वह वापिस आने वाला नहीँ है, इसलिए इंसान को अपनी अल्प आयु में से अधिकांश वक्त अच्छे कार्यों में लगाना चाहिए, तभी उसका मनुष्य जीवन सार्थक हो सकेगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन, मंत्री शैलेन्द्र जैन, सुमत चंद जैन, प्रवक्ता सचिन जैन, दिगंबर जैन जागरण युवा मंच ने श्रीफल भेंटकर आशीर्वाद लिया।
आर्यिकाश्री का मुरार में भव्य मंगल प्रवेश हुआ, गूँजे जयकारे
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया की जैनसंत आचार्यश्री 108 ज्ञानसागर जी महाराज की अतिंम शिष्या परम प्रभावक आर्यिका रत्न श्री आर्षमती माताजी का बुधवार को भव्य मंगल प्रवेश धर्म नगरी मुरार शहर में हुआ। आर्यिकाश्री की मुरार जैन समाज के महिला व पुरुष आगवानी करने पहुंचे। वहां श्रद्धालु नतमस्तक होकर आर्यिकाश्री से आर्शीवाद प्राप्त किया। आर्यिकाश्री के आगमन पर स्थानीय समाजजनो ने पाद प्राक्षालन एवं आरती की। गाजे-बाजे के साथ आर्यिकाश्री माताजी को नगर भ्रमण करते हुए स्थानीय दिगंबर जैन बड़ा मंदिर पहुंचे। जहाँ आर्यिकाश्री माताजी ने भगवान के दर्शन किए।
आर्यिका रत्नश्री आर्षमती माताजी का जैन सिद्धक्षेत्र सोनागिर से पद विहार कर मुरैना चातुर्मास के लिए विहार चल रहा है। आज आर्यिकाश्री का ग्वालियर मुरार में प्रवेश के दौरान आहारचर्या संपन्न हुई।