शराब कारोबारी के बेटे ने खुद रची थी फायरिंग की कहानी

Jul 07 2021

ग्वालियर। खुलेआम हुई तोडफ़ोड़ व फायरिंग के मामले का खुलासा पुलिस ने कर लिया। पूरी कहानी शराब कारोबारी के बेटे ने अपने दोस्तों के साथ रची थी। पुलिस ने शराब कारोबारी के बेटे व उसके साथी को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी है। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसने क्लब में हुए विवाद का बदला लेने व दुश्मनों को फंसाने के  लिए साजिश रची थी। 
टीआई झांसी रोड मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि दो दिन पहले शराब कारोबारी रिंकू शिवहरे के बेटे अक्कू शिवहरे ने शिकायत की थी कि अचलेश्वर मंदिर के पास बाइक से आए आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने उसकी कार की तोडफ़ोड़ कर फायरिंग की थी। मामले में जांच की और घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि एक बाइक पर बंटी लिखा हुआ था और बाइक का नंबर भी मिल गया। इसका पता चलते ही नंबर के आधार पर बंटी नामक युवक की तलाश कर उसे दबोचा और पूछताछ शुरू कर दी। 
कहानी सुनते ही हुआ खुलासा
आरोपी ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना को उसने अक्कू शिवहरे ने अंजाम दिलाया था और वह अक्कू का दोस्त है। इसका पता चलते ही पुलिस ने अक्कू को भी थाने बुला लिया। थाने पर बंटी को देखते ही उसकी समझ में सारा मामला आ गया और उसने बताया कि क्लब में हुए विवाद का बदला लेने के लिए उसने ही योजना बनाई थी, जिससे वह अपने दुश्मनों को फंसा सके। पुलिस ने बंटी तथा अक्कू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।  
पुलिस ने पूछताछ के बाद बुधवार की दोपहर फायरिंग में शामिल अमित उर्फ अन्ना, राहुल कंषाना, केतन गोस्वामी, अनवर खान, अंकित राजपूत तथा पृथ्वीराज चौहान उर्फ राज को दबोच लिया। पुलिस ने उन्हेें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
जिन पर आरोप लगाया वह थे भिण्ड में 
वहीं जिन युवकों पर मारपीट तथा फायरिंग का आरोप शराब कारोबारी ने लगाया था, उन्होंने बताया कि जिस समय घटना हुई थी वह भिण्ड में थे।