प्याज खरीदने आए युवकों को सब्जी बेचने वाले ने बिहारी भाई कहा तो बौखला गए, दुकानदार को जमकर पीटा

Jul 06 2021

ग्वालियर। प्याज खरीदने आए दो युवकों को सब्जी विक्रेता को बिहारी भाई कहना भारी पड़ गया। दोनों युवक उस समय तो चले गए, लेकिन कुछ देर बाद लौटे। वह पूरी तैयारी के साथ आए। उन्होंने सब्जी विक्रेता को बिहारी कहने की सजा सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटकर दी। पत्थर हाथ में लेकर उसके मुंह पर मारे।
बीच बचाव करने आए साथियों पर कट्टे के बट से हमला किया। जब वहां भीड़ एकत्रित हो गई तो हमलावर भाग गए। घटना डीडी नगर सिंधिया स्टेच्यू चौराहा की है। इस मारपीट का वीडियो अब वायरल हुआ। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है।
सोशल मीडिया पर मारपीट का एक वीडियो वायरल होने पर वायरल वीडियो में हमलावर एक सब्जी विक्रेता की जमकर पिटाई कर रहे हैं। हाथ में लोहे का कड़ा फंसाकर युवक के मुंह पर वार कर रहे हैं। पत्थर से उस पर हमला कर रहे हैं। इतना ही नहीं उसे बचाने आए आसपास के लोगों पर भी हमला किया। दोनों युवकों के पास कट्टा भी था। जिसके बट से भी हमला किया गया, लेकिन उन्होंने फायरिंग नहीं की।
पिटते-पिटते युवक बचने के लिए दौड़ लगाता है तो बदमाश दौड़ाकर उसकी पिटाई कर रहे हैं। जब इस वायरल वीडियो के बारे में पता किया तो जानकारी मिली कि यह डीडी नगर का है। महाराजपुरा थाना में इसका मामला भी दर्ज है, लेकिन हमलावर नहीं पकड़े गए हैं।
बिहारी कहना लगा था बुरा
वीडियो में पिट रहे युवक का नाम विकास लोधी है। वह डीडी नगर में सिंधिया स्टेच्यू के पास सब्जी का ठेला लगाता है। उसके पास ही वासुदेव कुशवाह सब्जी बेचता है। विकास के पड़ोस में रहने वाले अखिलेश पाठक और आकाश चौहान आए थे। उन्होंने प्याज के दाम पूछे। इस पर विकास ने कहा कि ले लो बिहारी भाई 40 रुपए किलो है। दोनों भाव पूछकर उस समय तो चले गए, लेकिन 10 मिनट बाद लौटे तो उन्होंने विकास से कहा कि तूने हमें बिहारी क्यों कहा और हमला कर दिया। दोनों युवक बिहारी हैं और बिहारी भाई कहने पर ही चिढ़कर उन्होंने हमला किया। पुलिस ने अखिलेश पाठक और आकाश चौहान के खिलाफ मामला दर्ज किया है।