ऑटो में मोबाइल पर अश्लील वीडियो चलाकर छेड़छाड़ की महिलाओं ने बाल पकड़कर बाहर खींचा और पीट दिया

Jul 06 2021

ग्वालियर। दो महिलाओं ने एक मनचले की जमकर धुनाई कर दी। दरअसल, ऑटो में सफर कर रही दो महिलाओं के साथ बैठे युवक ने मोबाइल में अचानक अश्लील वीडियो देखना शुरू कर दिया। महिलाओं को यह असहज लगा। फिर मोबाइल देखते-देखते युवक एक महिला से छेड़छाड़ करने लगा। यह बात महिलाओं को नागवार गुजरी। उन्होंने ऑटो रुकवाया। युवक को बाल पकड़कर बाहर घसीटा और चप्पल लेकर टूट पड़ीं।
युवक की पिटाई देख मौके पर भीड़ जुट गई। मनचला हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन महिलाएं चप्पल से उसकी पिटाई करती रहीं। आखिर में पुलिस युवक को लेकर थाने चली गई। घटना फूलबाग पुलिस चौकी के सामने की है। महिलाओं ने शिकायत करने से मना कर दिया है।
युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दो महिलाएं एक युवक को चप्पल से मार रही हैं। घटना फूलबाग इलाके की है। युवक पर महिलाओं ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था, लेकिन महिलाओं ने शिकायत थाने में नहीं की है। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने तो लाई पर कोई शिकायत नहीं होने के कारण हिदायत देकर छोड़ दिया है।
लश्कर निवासी दो महिलाएं स्टेशन के पास कहीं जॉब करती हैं। यह ड्यूटी से घर के लिए लौट रही थीं। यह जिस ऑटो में सवार थीं, उसमें पड़ाव से एक मनचला सवार हुआ। यह दोनों महिलाओं के पास बैठ गया। पहले तो उसने मोबाइल निकाला, उसमें अश्लील वीडियो देखने लगा। इससे महिलाएं खुद को असहज महसूस करने लगीं। इस बीच युवक ने एक महिला के साथ छेडख़ानी शुरू कर दी।
फूलबाग चौराहा पुलिस चौकी के पास महिलाओं ने ऑटो रुकवाया। इसके बाद युवक को उसके बाल पकड़कर ऑटो से बाहर खींचा और चप्पल से धुनाई कर दी। तत्काल पुलिस पहुंच गई। महिलाएं तो मारपीट कर निकल गईं। पुलिस युवक को थाने लेकर पहुंची। उसकी पहचान शिंदे की छावनी में रहने वाले राजा के रूप में हुई है।