नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

Jul 05 2021

ग्वालियर। पति के ड्यूटी पर जाते ही नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा की है। घटना का पता सुबह चला जब पति ड्यूटी से लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो पति ने दरवाजे की झिर्री से झांका तो अंदर पत्नी फांसी पर झूल रही थी। पत्नी को फंदे से लटका देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 
पड़ाव थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा निवासी रेखा बाथम (28) पत्नी  कोक सिंह बाथम नवविवाहिता है और उसकी सात माह पूर्व ही शादी हुई है। बीती रात रेखा का पति खाना खाकर अपनी ड्यूटी पर चला गया था। सुबह वह ड्यूटी से वापस आया तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने दरवाजे की झिर्री से झांका तो उसके पैरों तले जमीन निकल गई, क्योंकि अंदर कमरे में उसकी नवविवाहिता पत्नी फांसी के फंदे से लटकी हुई थी। तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पता नहीं चला है कि उसने किन कारणों के चलते आत्महत्या की है। नवविवाहिता की मौत का पता चलते ही पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को कैलारस में घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही मायका पक्ष भी ग्वालियर के लिए रवाना हो गया है।