छज्जा गिरने के मलबे में दबे होने से थी हालत गंभीर सोमवार सुबह अचानक बिगड़ी हालत, मौत

Jul 05 2021

ग्वालियर। निर्माणाधीन छज्जा गिरने और उसमें परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों के दबने के मामले में सोमवार को एक मौत हो गई है। मकान मालिक की पत्नी कृष्णा जोशी घायल थीं। पहले डॉक्टर उनको खतरे से बाहर बता रहे थे, पर देर रात अचानक उनकी सांसे उखडऩे लगीं। सोमवार सुबह 5 बजे महिला ने दम तोड़ दिया। घटना एक दिन पहले रविवार देर शाम गेंडेवाली सड़क मूर्ति मोहल्ला की है। शेष तीन घायलों की स्थिति ठीक है। पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
गेंडेवाली सड़क मूर्ति मोहल्ला में रहने वाले अशोक जोशी के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार को छज्जे पर शौचालय बनवा रहे थे। उसी समय वहां छज्जे पर अशोक, उनकी पत्नी कृष्णा जोशी, बेटा और कारीगर रमाकांत भी मौजूद थे। तभी छज्जा कमजोर होने से वजन सह नहीं सका और अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। छज्जे के साथ-साथ उस पर खड़े अशोक, कृष्णा, रमाकांत सहित चारों लोग भी नीचे आ गिरे। मलवा उनके ऊपर आकर गिरा तो वह सभी मलबे में दब गए। आस-पड़ोस के लोगों ने देखा तो तत्काल मदद के लिए दौड़े। इसी समय दमकल दस्ता भी पहुंच गया। मकान के मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां मकान मालिक की पत्नी कृष्णा की हालत गंभीर थी। क्योंकि सबसे आखिर में उसे ही निकाला गया था। सोमवार तड़के 5 बजे इलाज के दौरान कृष्णा की मौत हो गई है।
जेएएच के ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कृष्णा जोशी की हालत रविवार शाम से ही ठीक नहीं थी। रात 9 बजे तक लगा स्थिति कन्ट्रोल में है, लेकिन कुछ देर बाद अचानक उनकी हालत बिगडऩे लगी। सांसें उखडऩे लगीं। इसके बाद सोमवार तड़के महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने जेएएच से मिली सूचना के बाद शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही मर्ग कायम कर लिया है।
सबसे ज्यादा देर तक मलबे में रहीं
मकान मालिक अशोक जोशी की पत्नी कृष्णा जोशी जब हादसा हुआ तो छज्जे पर अंदर की तरफ खड़ी थीं। छज्जा गिरा तो वह अंदर दब गईं। उनके ऊपर ढेर सारा सीमेंट, पत्थर व मलबा गिरा। जब लोगों ने बचाव कार्य किया तो वह सबसे नीचे और पीछे दबी थीं। इसलिए उनको निकालने में देरी हो गई। यही कारण था कि वह गंभीर घायल थीं।