100 रुपए के लिए मछली विक्रेता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या

Jul 05 2021

ग्वालियर। सिर्फ 100 रुपए के लिए मछली विक्रेता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मछली विक्रेता और मछली फ्राई करने वाले के बीच में गलतफहमी एक ग्राहक ने बढ़ाई थी। वारदात रविवार रात 11 बजे की मछली मंडी मोतीझील पुरानी छावनी की है। घायल मछली विक्रेता ने सोमवार सुबह 6 बजे दम तोड़ दिया। घटना के बाद से इलाके में तनाव है। मृतक और हत्या करने वाला दोनों ही मंडी में पास-पास दुकानें चलाते हैं।
शहर के पुरानी छावनी में भोही मोहल्ला निवासी कय्यूम खान पुत्र बसीर खान मछली विक्रेता है। मोतीझील मछली व मीट मार्के में उसकी दुकान है। उसकी दुकान के पास ही कल्लू खान मछली फ्राई करने का फड़ लगाकर बैठता है। रविवार रात को कय्यूम और कल्लू अपनी-अपनी दुकान चला रहे थे। इसी दौरान एक युवक आया। उसने कय्यूम की दुकान से मछली खरीदी। इसके बाद उसने कल्लू की दुकान पर फ्राई करने के लिए दे दी। युवक तो मछली फ्राई करा कर ले गया, लेकिन बाद में कल्लू, कय्यूम से मछली फ्राई के 100 रुपए मांगने लगा। इस पर कय्यूम ने फ्राई का चार्ज ग्राहक से लेने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस होने लगी। दोनों बहस के बाद झगड़े पर उतर आए।
डंडे से पीट-पीटकर किया अधमरा, अस्पताल में मौत
विवाद बढ़ा, तो दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी समय कल्लू गुस्से में गया और डंडा उठा लाया। उसने कय्यूम पर वार कर दिए। डंडे से पीट-पीटकर उसे अधमरा कर दिया। जब कय्यूम बेहोश होकर गिर पड़ा, तो आरोपी वहां से भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल पहुंचाया। सिर में कई बार डंडे से चोट लगने पर वह गंभीर रूप से घायल था। रातभर उसका इलाज चला, पर कय्यूम खां की बेहोशी नहीं टूटी। सोमवार सुबह 6 बजे उसने उसी बेहोशी के बीच दम तोड़ दिया।
अभी नहीं पकड़ा गया आरोपी
मामले में सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया है, मछली फ्राई को लेकर दो युवकों में विवाद हुआ और मारपीट हुई थी, जिसमें घायल मछली विक्रेता की इलाज के दौरान मौत हो गई है। हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी हमलावर की तलाश की जा रही है। अभी वह नहीं पकड़ा गया है।