टीके को लेकर हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस, सोमवार को दूसरे डोज के लिए पहुंचे लोग

Jul 05 2021

ग्वालियर। सोमवार को वैक्सीन के दूसरे डोज के लिए लोगों में उत्साह नजर आया। शहर के प्रमुख सेंटर और हॉस्पिटल में दूर-दूर तक लोगों की लाइन लगी थीं। एक-एक घंटे धूप में खड़े होने के बाद लोग टीकाकरण केंद्र में अंदर पहुंच सके। इसके बाद वैक्सीन लग सकी। कई सेंटर पर दिन में 1 बजे तक डोज खत्म हो गए। ग्वालियर के सबसे बड़े अस्पताल जेएएच में दोपहर में वैक्सीन को लेकर हंगामे की स्थिति बन गई। इस पर पुलिस बुलानी पड़ी। कई लोग पहली डोज वाले भी भीड़ में खड़े दिखाई दिए।
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान वैक्सीन की निरंतर उपलब्धता नहीं होने के कारण यह गति नहीं पकड़ पा रहा। सोमवार को वैसे तो कोवीशील्ड का दूसरा डोज ही लगना तय हुआ था, लेकिन लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने रविवार रात को घोषणा की कि सोमवार कोवीशील्ड और को-वैक्सिन दोनों का ही दूसरा डोज लगाया जाएगा। सोमवार सुबह से जिले में 75 केंद्र पर वैक्सीनेशन शुरू हुआ। दिन भर में कोवीशील्ड के 12, 550 और को-वैक्सिन का 6820 टीके लगाने का टारगेट है। दोपहर होते-होते स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल खुलती चली गई। कई सेंटर सुबह के 3 घंटे बाद ही वैक्सीन खत्म हो गई। जो बड़े सेंटर थे, वहां धूप में वैक्सीन के लिए लाइनें नजर आईं।
जेएएच में हंगामा
सोमवार को ग्वालियर के सबसे बड़े वैक्सीनेशन सेंटर जेएएच में वैक्सीन को लेकर काफी संख्या में लोग पहुंचे। यहां वैक्सीन की लाइन में लोग पहले वैक्सीन लगवाने के लिए झगड़ पड़े। वैक्सीन कम थी और लोगों की संख्या ज्यादा थी। ऐेसे में हंगामा शुरू हो गया। तत्काल जेएएच पुलिस चौकी से पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद पुलिस की मौजदूगी में वैक्सीनेशन चला।
एक घंटे लाइन में लगने के बाद लगी वैक्सीन
शहर के मुरार सर्कल में सबसे बड़ा केंद्र मुरार जिला अस्पताल है। यहां सुबह 9 बजे से ही काफी भीड़ हो गई थी। सेंटर की विंडो से लेकर बाहर पार्किंग तक लंबी लाइन लगी थी। एक-एक घंटे तेज और कड़कड़ाती धूप में खड़े होने के बाद लोगों का नंबर आया और उन्होंने टीका लगवाया। यहां कई तो ऐसे भी थे जब वह एक घंटे लाइन में लगकर रजिस्ट्रेशन विंडो पर पहुंचे तो पता लगा कि आज पहला डोज नहीं लग रहा है।