जाना था दर्शन करने, पहुंच गए अस्पताल

Jul 04 2021

ग्वालियर। दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर- ट्रॉली पलटने से डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। घटना घाटीगांव थाना क्षेत्र के आरोन रोड पर रविवार की सुबह साढ़े नौ बजे की है। घटना का पता चलते ही घाटीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों में चार की हालत गंभीर है। 
करहिया थाना क्षेत्र के रिछारी कलां निवासी करीब तीन दर्जन ग्रामीण रविवार की सुबह मुरैना जिले के जौरा स्थित कालेदेव बाबा के दर्शन के लिए किराए से ट्रैक्टर-ट्रॉली से निकले थे। अभी वह घाटीगांव थाना क्षेत्र के आरोन रोड पर पहुंचे ही थे कि तभी अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार महिला, बच्चे तथा पुरूष घायल हो गए। 
घायलों की चीख-पुकार सुन, लोगों ने की मदद
हादसे के बाद घायलों की चींख-पुकार मच गई। वहां से निकल रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोके और पुलिस को सूचना देने के साथ ही लोगों की मदद में जुट गए। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, लोगों ने घायलों को बाहर निकाल लिया था। घायलों की हालत देखकर पुलिस ने बगैर समय गवाएं थाना मोबाइल तथा एम्बुलेंसों से डेढ़ दर्जन घायलों को उपचार के लिए पहुंचाया। जहां पर चार की हालत गंभीर बनी हुई है। 
समय रहते मिली मदद, बच गई जान
हादसे में घायल चार युवकों की हालत काफी गंभीर है। डॉक्टरों का कहना है कि समय रहते उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जिससे उनकी जान बच गई। कुछ देर और होने पर उनकी जान भी जा सकती थी। 
इनकी रही सराहनीय भूमिका
घाायलों को बाहर निकालने में लोगों ने तत्परता से मदद की और मौके पर पहुंची एफआरवी 37 पर पदस्थ आरक्षक संजय, शिवप्रताप व पायलट जावेद खान के साथ ही घाटीगांव थाने से पुलिस बल के साथ पहुंचे एसआई राहुल सेंधव तथा अन्य स्टॉफ की सराहनीय भूमिका रही।