प्रशासन ने नई गाइडलाइन जारी की, गुरुवार से पूरे बाजार खुले

Jun 10 2021

ग्वालियर। व्यापारियों की मांग और कम हुई कोरोना संक्रमण दर के बाद शासन ने सप्ताह में 6 दिन सभी बाजार एक साथ खोलने का निर्णय लिया है। रविवार को जनता कफ्र्यू रहेगा। बाजार सोमवार से शनिवार तक सुबह 6 से शाम 5 बजे तक खोले जाएंगे। हर दिन रात 10 से अगले दिन सुबह 6 बजे तक नाइट कफ्र्यू रहेगा। होटल, रेस्टोरेंट रात 9 बजे तक खुलेंगे और 50 फीसदी क्षमता के साथ होटल में बैठाकर खाना खिलाया जा सकेगा। पार्क भी खुल सकेंगे लेकिन सुबह की सैर के लिए। यह सभी फैसले आपदा प्रबंधन की बैठक में लिए गए हैं।
कोरोना संक्रमण के बाद 15 अप्रैल से ग्वालियर में जनता कफ्र्यू लगाया गया था। 47 दिन तक पूरे बाजार बंद रहे थे। सिर्फ जरूरत के सामान के लिए छूट दी गई थी, पर संक्रमण की दर कम हुई तो प्रदेश के साथ 1 जून से ग्वालियर भी अनलॉक हुआ था। व्यापारी पूरे शहर को अनलॉक करने की मांग कर रहे थे, पर प्रशासन ने आधी-आधी दुकानें खोलने का निर्णय लिया था। इसके बाद व्यापारियों पूरे बाजार एक साथ खोलने की मांग की थी। इसी पर बुधवार को क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक हुई। जिसमें पूरे बाजार एक साथ खोलने का निर्णय हुआ है।
होटल, रेस्टोरेंट में बैठाकर खिला सकेंगे खाना
होटल, रेस्टोरेंट में 50 फीसदी क्षमता से बैठाकर खाना खिला सकेंगे, अब रात 9 बजे तक रेस्टोरेंट व होटल के रेस्टोरेंट खुल सकेंगे। दूध-डेयरी के लिए 2 घंटे की छूट दी गई है। शाम 7 बजे तक दूध खरीद बेच सकेंगे।
किराना दुकानें सुबह 6 से शाम 5 बजे तक खुलेंगी
ब्रेड, अंडा टोस्ट की दुकानें सुबह 6 से शाम 5 बजे तक खोल सकेंगे, सब्जी, फल, फूल शाम 5 बजे तक बेच सकेंगे, मैंस सैलून, ब्यूटी पार्लर भी खोले जा सकेंगे। समय सुबह 6 से शाम 5 बजे तक रहेगा पर दो सीट के बीच में एक सीट खाली रखनी होगी,सराफा, कपड़ा, बर्तन, अन्य होजरी दुकानें शाम 5 बजे खोल सकते हैं, सेनेट्री, आटा व मसाला चक्की, इलेट्रीशियन, ऑटो पार्ट्स, मैकेनिक की दुकानें भी सुबह 6 से शाम 5 बजे खोलने की इजाजत मिल गई। स्वीगी, जोमाटो व अन्य फूड चेन कंपनी छूट के समय मतलब सुबह 6 से शाम 5 बजे तक ऑर्डर लेकर डिलीवरी कर सकेंगे। ऑनलाइन मार्केट से प्रोडट मंगा सकेंगे, ई- कॉमर्स कंपनियां किसी भी समय कोरियर बॉय को कंपनी के वैध आईडी कार्ड पर आने जाने की छूट रहेगी, मैकेनिक, मेंटेनेंस से जुडे कारीगर, प्लंबर को कंपनी के आईडी कार्ड पर आने जाने की परमीशन रहेगी।
अब दिन भर चलेंगे ऑटो, टैम्पो
सवारी वाहनों को अनलॉक में वही छूट रहेगी जो अभी तक दी गई थी। अभी तक शाम 5 बजे तक सवारी वाहन चल रहे थे अब यह रात तक चलेंगे। ई-रिक्शा में चालक सहित दो लोग सवार हो सकेंगे। ऑटो रिक्शा में भी चालक सहित दो लोग ही सवार हो सकेंगे, टेंपो में चालक सहित 3 लोग सवार होकर चल सकेंगे, कार, टैक्सी में चालक अलावा दो लोग ही बैठकर आ जा सकेंगे, दोपहिया वाहन पर 1 व्यक्ति चलाने वाले को ही छूट है
बड़ी सब्जी मंडियां अभी भी बंद रहेंगी
सब्जी मंडियों को इस बार भी नहीं खोला जा रहा है। सब्जी की अभी जो व्यवस्था है। उन्हीं 10 प्वाइंट पर रात 10 से सुबह 4 बजे तक थोक सब्जी व फल वितरण किया जाएगा। सभी का मानना है कि मंडी में सबसे ज्यादा भीड होती है। अभी वह खोलने के लिए सुरक्षित नहीं है।
इन्हें नहीं मिली राहत
जिम और सार्वजनिक पार्क इनको लेकर आदेश में साफ है कि यह अभी लॉक ही रहेंगे। साथ ही सभी पिकनिक स्पॉट, स्वीमिंग पूल, सभी तरह के खेल आयोजन भी बंद रहेंगे। मॉल, सिनेमा, मनोरंजन, मेला व अन्य आयोजन बंद रहेंगे
शादियों को लेकर कहा गया है कि 20 सदस्यों दोनों पक्षों के मिलाकर घर से ही शादी कर सकते हैं। होटल, मैरिज गार्डन में शादियां प्रतिबंधित हैं। इन मेहमानों की सूची पहले देनी होगी।