आशा कार्यकर्ताओं की जब तक मांगें नहीं मानी जाती, तब तक काम बंद

Jun 09 2021

ग्वालियर। विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का धरना बुधवार को भी जारी रहा। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। मांगों को लेकर प्रदेशभर की आशा कार्यकर्ता धरने पर बैठी हुई हैं। आशा कार्यकर्ताओं के हड़ताल पर जाने से स्वास्थ्य विभाग के कई काम रुक गए हैं। वहीं बुधवार सुबह अधिकारी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आशा कार्यकर्ताओं से हड़ताल खत्म करने को कहा।
सरकारी कर्मचारी घोषित किए जाने और न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपए करने की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ता शनिवार से हड़ताल पर हैं।
गत दिवस आशा कार्यकर्ताओं ने मोतीमहल पहुंचकर सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा को भी ज्ञापन दिया। डॉ. शर्मा ने आशा कार्यकर्ताओं को उनकी समस्या के निराकरण का आवश्वासन दिया। आशा कार्यकर्ताओं के हड़ताल पर जाने से टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच और सर्वे कार्य प्रभावित हो रहा है। आशा कार्यकर्ताओं के न होने से ग्रामीण महिलाएं अपनी जांच के लिए अस्पताल नहीं आ पा रही हैं। हड़ताल पर आशा कार्यकर्ता अध्यक्ष लीला रायपुरिया, सचिव रजनी मीणा, उपाध्यक्ष रजनी गुप्ता, कोषाध्यक्ष पुष्पा साहू, मीडिया प्रभारी मीनफ खान, वर्षा शर्मा, सुधा अग्रवाल, रीता गुप्ता, ज्योति सोनी, रेणु बाथम, अनीता नागौरी और रजिया खान आदि बैठी हैं।