जेएएच : लौटने लगी बेपटरी व्यवस्था फिर पटरी पर

Jun 08 2021

ग्वालियर। जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने के बाद और रेजीडेंस डॉक्टरों के काम वापसी के साथ ही जयारोग्य अस्पताल में फिर मरीजों की हलचल बढ़ गई है। आज सुबह से जहां ओपीडी खचाखच रही, वहीं हड़ताल के दौरान यहां से निकल लिए वह मरीज वापस आने लगे हैं, जो डिस्चार्ज टिकट कट ले गए थे। यही नहीं कल शाम से अब तक 35 से अधिक नए मरीज भर्ती होने की बात भी प्रबंधन ने कही है। उधर जिनके ऑपरेशन पेंडिंग थे उन्हें नई तारीख भी दी जा रही है। आज से रुटीन ऑपरेशन शुरु हो जाएंगे।
कोविड काल के चलते अंचल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल जेएएच स्थित माधव डिस्पेंसरी में स्पेशल ओपीडी संचालित की जा रही है। मंगलवार की सुबह सीनियर कंसलटेंट के साथ ही सीनियर रेजीडेंस ही नहीं बल्कि जूनियर डॉक्टरों ने सुबह से ही ओपीडी में मोर्चा संभाल लिया था। आज ये स्पेशल ओपीडी मरीजों से ओवर लोड दिखाई दे रही है।
बारी के लिए लंबा इंतजार
मरीजों की भीड़ मंगलवार को ओपीडी में इतनी अधिक है कि पर्चे से लेकर मरीजों की जांच कराने के साथ ही बीमारी की दवा लेने के लिए भी लाइन में लगकर मरीज या उनके परिजनों को इंतजार करते देखा गया। वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों के सैंपल जांच के लिए जमा करने के लिए सेंट्रल पैथोलॉजी के तीनों की काउंटरों पर लंबी कतार देखी गई। यहीं नहीं एक्सरे से लेकर अल्ट्रासाउण्ड कराने के लिए मरीजों को एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा था।
काम करते दिखे जूनियर डॉक्टर
वैसे तो सोमवार को हड़ताल खत्म होने के बाद से ही जूनियर डॉक्टर वापस काम पर लौट आए थे, लेकिन देर शाम रोस्टर तैयार होते ही जिन डॉक्टरों की ड्यूटी जेएएच के कार्डियक,ट्रॉमा्र ब्लैक फंगस, मेडिसन आईसीयू, केआरएच स्थित पीडियाट्रिक वार्ड सहित नॉनकोविड वार्डों में लगाई गई थी ऐसे एक सैकड़ा जूनियर डॉक्टर वार्डो में पहुंचकर मरीजों का इलाज करने में जुट गए थे।