नौतपा में राहत के बाद सूर्यदेव ने दिखाए तीखे तेवर

Jun 08 2021

ग्वालियर। मौसम का हाल कब कैसा हो जाए कहना मुश्किल ही नहीं बल्कि असंभव सा प्रतीत होता है। नौतपा में जहां लोगों को ताऊ ते तूफान ने राहत दी वहीं नौतपा के बाद सूर्यदेव ने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए जिससे आमजन बेहाल है। मंगलवार सुबह से ही पारा बढऩे के साथ गर्मी से लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं हालात यह है कि कूलर और पंखा भी इस भीषण गर्मी में अपने आपको असहाय सा महसूस कर रहे हैं। मध्यरात्रि के बाद हल्की सी हवा चलने से राहत अवश्य मिलती हैेलकिन सुबह होते ही एक बार फिर से पारा चढऩे लगता है। ना दिन में चैन मिल रहा है और ना ही रातों को। सुबह 11 बजे ही पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचा।
उल्लेखनीय है कि मौसम का मिजाज इन दिनों लोगों को भा नहीं रहा है और सूर्यदेव की तपिश के कारण आमजन का हाल बेहाल है। सुबह से लेकर देररात तक लोग गर्मी से निजात पाने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं बाबजूद इसके लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही। अभी कुछ दिनों पहले नौतपा के दिनों में लोग बिंदास घूम रहे थे और लोगों को एैसा लगने लगा था कि जिस प्रकार नौतपा राहत भरे रहे उसी प्रकार से जून का पहला पखवाड़ा भी राहत भरा रहेगा लेकिन नौतपा के बाद अचानक से सूर्यदेव ने अपने तेवर दिखाना शुरू किए और मंगलवार को हालात यह है ना लोगों को घर में राहत मिल रही है और ना ही बाहर। मौसम के बदले मिजाज से लोग विभिन्न मौसमी बीमारियों उल्टी,दस्त आदि से ग्रसित होकर चिकित्सकों की शरण में पहुंच रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है।
जरा सी असावधानी होने पर वह बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। जानकारों के मुताबिक भीषण गर्मी से यह संकेत मिल रहे हैं कि इस बार अच्छी बारिश होगी और जल्दी मानसून आएगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक जिस प्रकार से पारा चढ़ रहा है उससे आने वाले एक दो दिनों में हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना बन रही है।
शीतल पेय पदार्थ भी नहीं दे पा रहे राहत
प्रचंड गर्मी में लोगों को केवल और केवल शीतल पेय पदार्थ ही कुछ राहत प्रदान कर रहे हैं। अचानक से बढ़ी गर्मी के कारण बाजारों में शीतल पेय पदार्थो की डिमांड बढ़ गई है और लोग शीतल पेय पदार्थों के साथ दही व मठठा का जमकर उपयोग कर रहे हैं।