कांस्टेबल ने युवक के मास्क नहीं पहनने पर मुंह फोड़ा

Jun 07 2021

ग्वालियर। मास्क नहीं पहनने वालों का पुलिस मुंह भी तोड़ रही है। हेमसिंह की परेड इलाके में एक युवक के मास्क नहीं पहनने पर पुलिसकर्मी ने उसके चेहरे पर डंडा मार दिया। इससे युवक की नाक फूट गई। वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद वहां भीड़ लग गई। लोगों ने दोनों पुलिस कर्मियों के घेर कर हंगामा कर दिया। दोनों से धक्का-मुक्की करने लगे। मौके पर पहुंचे माधवगंज टीआई ने मामले को संभाला। टीइआई ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहां मौजूद किसी शख्स ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हेमसिंह की परेड इलाके में माधवगंज थाना पुलिस ने चेकिंग पॉइंट लगाया था। पुलिसकर्मी बृजेश सिंह के साथ दो अन्य जवान चेकिंग कर रहे थे। यहां से लक्कडख़ाना निवासी देवेन्द्र यादव गुजरा। वह मास्क नहीं पहने था। इस पर पुलिस जवानों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने मास्क न पहनने का कारण पूछा, तो युवक बहस करने लगा। इस पर पुलिसकर्मी ने उसके चेहरे पर डंडा मार दिया। डंडा देवेन्द्र की नाक पर लगा जिससे खून बहने लगा। यह देख पुलिस वाले घबरा गए और वहां से उसे भगाने लगे। यह देखकर आसपास के लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को घेर लिया। लोगों ने गुस्से में पुलिसकर्मी बृजेश सिंह समेत एक अन्य जवान से धक्का मुक्की कर दी। उनके मास्क मुंह से खींच दिए।
सूचना पर माधवगंज थाना प्रभारी डीपी गुप्ता फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल भीड़ पर काबू में किया। जवानों को सुरक्षित निकाला। थाना प्रभारी ने वहां लोगों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस ने कहा- भागते समय गिरा
लोगों का कहना है कि युवक को नाक में पुलिस जवानों ने डंडा मारा है, जबकि टीआई माधवगंज डीपी गुप्ता का कहना है कि युवक मास्क नहीं पहने हुए था। जब पुलिस ने उसे रोकना चाहा, तो उसने दौड़ लगा दी। भागते समय वह गिर गया और चोट लग गई।