इंजीनियर बना चोर, उड़ाई दो दर्जन बाइक 24 बाइक बरामद, तीन आरोपी पकड़े

Jun 07 2021

ग्वालियर। नशे की लत पूरी करने के लिए एक इंजीनियर बाइक चोर बन गया और दो अन्य साथियों के साथ गैंग बनाकर कुछ ही समय में दो दर्जन बाइक चोरी कर दी। चोर गैंग पुलिस के हाथ तब आया जब एक बाइक चोरी गई और पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो चोरों के फुटेज हाथ आ गए और पुलिस पीछा करते हुए चोरों तक जा पहुंची। पुलिस ने चोरों से पूछताछ के बाद कुछ ही घंटों में चोरी के दो दर्जन वाहन बरामद कर लिए हैं। 
सीएसपी ग्वालियर नागेन्द्र सिंह और थाना प्रभारी बहोड़ापुर अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि आनंद नगर से एक बाइक चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक सुरजीत सिंह परमार को मौके पर पहुंचाया और जांच के  दौरान घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो तीन चोर वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए और पुलिस की एक टीम बनाकर जिस तरफ चोर गए थे उधर पीछा करने के साथ ही सीसीटीवी चेक कराए तो चोरों का रूट मिल गया और पुलिस टीम जलालपुर चौराहे पर जा पहुंची, जहां पर तीन युवक दो बाइकों के साथ दिखाई दिए। जिसमें एक बाइक वह थी जो कुछ ही देर पहले चोरी हुई थी। पुलिस ने तीनों युवकों को पकड़कर दोनों बाइकें जब्त कीं तो पता चला कि दोनों ही बाइक चोरी की हैं। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए चोरों ने अपने नाम अनिल शर्मा, आदित्य सिकरवार और जुगनू बताए। 
थाने लाकर की पूछताछ हुए खुलासे
पुलिस ने चोरों को थाने लाकर पूछताछ की तो पता चला कि इस गिरोह ने कुछ ही समय पूर्व करीब दो दर्जन बाइकें चोरी की हैं। इसका पता चलते ही पुलिस ने उनके निशानदेही पर दबिश दी और चोरी की कुल 24 बाइकें बरामद कर ली हैं। 
इंजीनियर है मास्टर माइण्ड
पुलिस पड़ताल में पता चला है कि पकड़े गए चोरों में आदित्य बीई कर चुका है और नशे की लत लगने के कारण तीन साल पढ़ाई करने के बाद पढऩा छोड़कर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा और कुछ ही समय पूर्व उसने अपने गिरोह में अनिल और जुगनू को भी शामिल किया था। 
पड़ताल में पता चला है कि पकड़े गए चोर चोरी के वाहन सस्ती कीमत में मुरैना के ग्रामीण इलाकों में खपाते थे। साथ ही बाइक चोरी करने से पहले ही वह ग्राहकों से ऑर्उर लेते थे कि उन्हें कौन सी बाइक चोरी करनी है। 
आपका कहना है
बहोड़ापुर थाना पुलिस ने तीन चोरों को पकड़ा है। पकड़े गए चोरों से चोरी के दो दर्जन वाहन बरामद हुए हैं। पकड़े गए चोरों से पूछताछ की जा रही है। कुछ अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। 
अमित सांघी, एसपी