घर में रहकर मन रही है ईद-उल-फितर , सामाजिक दूरी बनाकर दी एक-दूसरे को बधाई

May 14 2021

ग्वालियर। ईद का त्योहार इस बार कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए मनाया गया। शहर काजी अब्दुल अजीज कादरी ने बताया कि चांद नहीं दिखने की वजह से ईद शुक्रवार को मनाई गई। ईद को लेकर मुस्लिम समुदाय में काफी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बाजारों में खरीदारी करने और नमाज अदा करने के लिए लोग निकल पड़े और कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए सभी ने उल्लास के साथ ईद-उल-फितर का पर्व मनाया। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए सुबह से जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को सामाजिक दूरी बनाकर ईद की बधाई दी और सुख- समृद्धि व खुशहाली की दुआ मांगी। पर्व को लेकर कंपू मस्जिद और मोती मस्जिद को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। शहर काजी ने लोगों से अपील की है कि वह ईद की नमाज घर पर रहकर ही अदा करें और कोरोना के सभी निर्देशों का पालन करें। 
घरों में बनी मीठी सिवैयां
मुस्लिम समाज के लोगों ने घरों में मिठी सिवैयां बनाकर ईद का त्योहार मनाया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार ईद का त्योहार घर पर ही नमाज अदा कर मनाया जा रहा है। 
अधिकांश लोगों ने घरों में ही रहकर मनाई ईद 
शहर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए शहर भर में ईद-उल-फितर का पर्व घरों में रहकर मनाया गया। महिलाओं ने घरों में रहकर अच्छे-अच्छे पकवान बनाए। लोगों ने एक-दूसरे के घरों पर पहुंचकर ईद की बधाई दी और गले मिले। 
ईदगाह में पांच लोगों ने ही नमाज अदा की
जीवाजीगंज ईदगाह में शहरकाजी अब्दुल अजीज कादरी, मस्जिद ईमाम समद कादरी सहित कुल पांच लोग ही सुबह 8 बजे नमाज अदा की नमाज में कोरोना संक्रमण से जल्द निजात पाने की दुआ की।
जगह-जगह रहा पुलिसबल तैनात
लोगों को ईद का पर्व मनाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करने पड़े और लोग उल्लास के साथ ईद की खरीदारी व पर्व को मना सकें इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की। सुबह से ही मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र और बाजारों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया। पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने लोगों को खरीदारी के लिए हल्की सी राहत दी और लोगों ने अपनी सुविधा के अनुसार बाजारों से खरीदारी कर घरों में रहकर ईद का पर्व मनाया।