मई में बारिश, मौसम खुशनुमा

May 03 2021

ग्वालियर। लोगों ने जब कूलर और पंखे चलाकर बिस्तर की शरण ली तो रात पूरी तरह सूखी थी, लेकिन जागने पर सुबह उन्हें पानी से तरबतर मिली। साढ़े सात बजे तक रुक रुककर बरसात जारी रही, जब बरसात पर रोक लगी तो ठंडी हवा ने समां बांधा और लोगों के चेहरे खिला दिए। इससे जब पारा गिरा तो फिर पंखे की हवा में भी हल्की सर्दी का अहसास होने लगा। जो घर से बाहर नहीं निकले वह मकान की छतों पर बैठकर कुदरत के इस नजारे का लुत्फ लेते रहे।
शहर के मौसम में हुए बदलाव के साथ भरी गर्मी में पानी और आसमान पर छाए घने बादलों ने जब मौसम को सुहाना बनाया तो फिर लोग कफ्र्यू और कोरोना के डर को भी परे रख  मस्त मौसम का मजा लेने सुबह से सड़क पर निकल आए। जहां युवा बाइकों पर फर्राटे भरते दिखे, वहीं पैदल घूमने वालों की भी कमी नहीं थी। चूंकि हालात विषम हैं, ऐसे में वह लोग मन मसोसकर रह गए, जिन्हें पिकनिक के लिए इस तरह के मौसम का हमेशा इंतजार रहता है। इस तरह का सुहावना मौसम अभी 24 घंटे और बना रहेगा, इस दौरान तेज बरसात और आंधी की संभावना भी मौसम विभाग द्वारा जताई गई है। 
शहर के मौसम में बदलाब के संकेत देते हुए जानकारों ने पहले ही कह दिया था कि साउथ-ईस्ट राजस्थान व ईस्ट मप्र में हवा का ऊपरी चक्रवात बना हुआ है। इसके चलते शहर में 48 घंटे तक मौसम प्रभावित रहेगा। तेज हवा के साथ बरसात और बूंदाबांदी भी होगी, जिससे पारा और गिरेगा। यह संभावना पूरी तरह सच तो साबित हुई है। साथ ही राजस्थान में बना ऊपरी चक्रवात देर रात और अधिक प्रभावी हो गया। तब तेज धूलभरी आंधी के साथ ही बरसात ने भी अपना रंग दिखाने में कसर नहीं छोड़ी, हालांकि मौसम विभाग 3.8 मिलीमीटर बरसात होने की जानकारी दे रहा है, लेकिन इसका बड़ा प्रभाव शहर में दिख रहा है, जहां बादल छाने से धूप से छुटकारा मिल गया है, वहीं तेज शीतल हवा बेहद आनंदित कर रहींं हैं।