सायरन बजाते हुए पूरे शहर में निकले पुलिस के वाहन, दी चेतावनी अब सड़कों पर बर्दाश्त नहीं होंगे बिना कारण घूमने वाले

May 02 2021

ग्वालियर। कोरोना संक्रमण को रोकने अब पुलिस सख्ती के मूड में आ गई है। पुलिस ने पूरे शहर में फ्लैग मार्च निकाला है। पुलिस के वाहन सायरन बजाते हुए शहर की सड़कों, चौराहों व बाजारों से निकले हैं। लगातार अनाउंसमेंट भी होता रहा कि लोग कफ्र्यू का पालन करते रहें। पुलिस के इस शक्ति प्रदर्शन से साफ है कि अब पुलिस बिना कारण बाहर निकलने वालों पर सख्ती से पेश आने वाली है।
फूलबाग से निकला फ्लैग मार्च
ग्वालियर एसपी अमित सांघी ने निर्देशन में फूलबाग चौराहा से पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला है। जिसमें सभी एएसपी, सीएसपी, डीएसपी, टीआई व अन्य पुलिस के वाहन सायरन बजाते हुए निकले। फूलबाग से पड़ाव, स्टेशन बजरिया, थाटीपुर, मुरार होते हुए सात नंबर चौराहा से गोला का मंदिर, हजीरा, चार शहर का नाका, बहोड़ापुर, जीवाजीगंज, जनकगंज से होते हुए महाराज बाड़ा पहुंचे। बाड़ा से माधवगंज, रॉक्सीपुल, कंपू, कटोराताल थीम रोड होते हुए सिटी सेंटर पुलिस कन्ट्रोल रूम पर पहुंचे।
इस तरह शक्ति प्रदर्शन का मतलब है कि अब पुलिस शहर में सख्ती बरतने जा रही है। सड़कों पर बिना कारण घूमकर संक्रमण को बढ़ावा देने वाले लोगों पर पुलिस सख्ती से पेश आएगी। पुलिस ने सख्ती शुरू भी कर दी है। लगातार शहर में पुलिस चालान की कार्रवाई कर रही है। लोगों को खुली जेल की सजा दी गई थी।