फल खरीद रही महिला पर बाइक सवार झपट्टा मारकर लूट ले गए चेन

Apr 30 2021

ग्वालियर। ग्वालियर में कोरोना कफ्र्यू की सख्ती के बीच बाइक सवार दो बदमाश एक महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ले गए। वारदात शुक्रवार सुबह आनंद नगर बहोड़ापुर में उस समय हुई जब महिला एक हाथ ठेला वाले से फल खरीद रही थी। पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। वारदात के बाद बदमाश शहर की सड़कों पर बाइक दौड़ाते हुए फरार हो गए, जबकि पुलिस चेकिंग करती ही रह गई। पर इस वारदात से बदमाशों ने पुलिस को एक बार फिर खुली चुनौती दी है।
बहोड़ापुर थानाक्षेत्र के आनंद नगर बी-925 निवासी महेन्द्र कुमार ट्रांसपोर्टर हैं। शुक्रवार की सुबह दरवाजे पर फल बेचने आए एक ठेले वाले से उनकी 45 वर्षीय पत्नी वंदना फल खरीद रही थीं। तभी बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पास आए और गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ले गए। बदमाशों ने इतनी तेजी से झपट्टा मारा कि महिला गिरते-गिरते बची।
वारदात के बाद फल बेचने वाले व पास ही एक दुकानदार ने बाइक सवारों के पीछे दौड़ लगा दी, लेकिन बदमाश बाइक की गति बढ़ाकर भाग गए। पीडि़त महिला ने बताया कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। लूटी गई चेन की कीमत लगभग एक लाख रुपए बताई गई है।
एक बार निकलने के बाद, आए थे वापस
पीडि़त महिला ने पुलिस को बताया कि एक बार उसके पास से निकलने के बाद लुटेरे कुछ दूर गए और फिर वापस आए हैं। वापस आने पर उन्होंने पास में बाइक रोकी। मुझे लगा कि वह फल लेने आए होंगे, लेकिन तभी उन्होंने झपट्टा मारा और चेन खींच ले गए।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे बाइक सवार
वारदात का पता चलते ही बहोड़ा़पुर थाना टीआई अमर सिंह सिकरवर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हुलिए के आधार पर शहर भर में नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए हैं। पुलिस ने जब पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो बदमाशों के फुटेज मिले हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को लूट की शिकार महिला ने बताया कि बदमाशों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच होगी और दोनों ने ही सफेद शर्ट पहनी थी और सफेद ही साफी बांधे थे। उनमें से एक हरे रंग का मास्क बांधे हुए था।