पढ़े-लिखे हो, जीवन आपका है, भीड़ में क्यों खड़े हो

Apr 26 2021

ग्वालियर। पढ़े लिखे हो। जीवन आपका ही है। भीड़ में क्यों अपने और अपने परिवार के दुश्मन बने हो। इस भीड़ के कारण आपको कोरोना हो सकता है। यह बात सोमवार सुबह चेंबर ऑफ कॉमर्स के सामने लगी सब्जी मंडी में दुकानों पर लगी लोगों की भीड़ देखकर चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों से कही।
सोमवार सुबह से ही मंडी में लोगों की खासी भीड़ थी। मंडी में लोग एक- दूसरे के नजदीक खड़े होकर सब्जी का मोल-भाव कर रहे थे। मंडी में लगी भीड़ की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को फटकार लगाई। चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने सब्जी खरीद रहे लोगों से कहा कि कोरोना के मरीज शहर में लगातार बढ़ रहे हैं। अस्पतालों की हालत खराब है। लोगों को ऑक्सीजन दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इतना सब होने के बाद भी आप लोग लापरवाही दिखा रहे हैं। पुलिस कर्मियों ने कहा कि आपकी जरा सी लापरवाही आपके लिए ही जानलेवा साबित होगी। पुलिस की फटकार सुन लोगों ने चेहरे झुका लिए और दुकानों से दूर हो गए। वहीं पुलिसकर्मियों ने सब्जी बेचने वालों को समझाइश दी कि वे दुकानों पर भीड़ जमा न होने दें।
लापरवाही दिखा रहे हैं लोग
लोगों को कोरोना से बचाने के लिए शहर में 30 अप्रैल तक कफ्र्यू लगाया गया है। कफ्र्यू के दौरान सब्जी और किराना का सामान खरीदने के लिए सुबह 6 से 9 बजे तक छूट दी गई है।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सामान खरीदने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। सामान खरीदने वाले लोग कोरोना गाइड लाइन का पालन भी नहीं कर रहे। सामान लेने की जल्दी में लोग एक-दूसरे से सटकर खरीदारी कर रहे हैं। पुलिस के बाजारों में पहुंचने के बाद ही भीड़ तितर-बितर होती है। 
दाल बाजर में पहुंची पुलिस
दाल बाजार में सोमवार सुबह किराना खरीदने के लिए ग्राहक बड़ी संख्या में पहुंच गए। किराना की दुकानों पर सुबह से ही जमकर भीड़ थी। इसी दौरान सुबह करीब 8.30 बज कोतवाली थाने की पुलिस दाल बाजार पहुंच गई। दाल बाजार में दुकानों पर भीड़ लगी देख पुलिस ने भीड़ को दूर-दूर खड़े होने के लिए एनाउंसमेंट करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने कहा कि कोरोना के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई की बात सुन दुकानों पर भीड़ लगाकर खड़े लोग खुद ब खुद दूर खड़े हो गए।